एजेंसी, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है। यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले खतरे के इनपुट के आधार पर उठाया गया है। शुक्रवार देर रात भोपाल और दिल्ली दोनों जगह उनके सरकारी बंगले की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
आईएसआई से खतरे के इनपुट
केंद्रीय गृह मंत्रालय को जानकारी मिली कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई शिवराज के बारे में विशेष ध्यान दे रही है। इसके बाद मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिवराज सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) को भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए।
भोपाल और दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
समाचार चैनल न्यूज 18 इंडिया के अनुसार, भोपाल के 74 बंगला इलाके में अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई और जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई। दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी शिवराज सुरक्षा मजबूत कर दी गई।
जेड+ सुरक्षा और अतिरिक्त इंतजाम
हालांकि शिवराज को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, नए इनपुट के बाद सुरक्षा और चाक-चौबंद कर दी गई। उनके बंगले के बाहर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और अतिरिक्त बैरिकेटिंग की गई। Z+ सुरक्षा भारत में सबसे उच्च श्रेणी की सुरक्षा होती है, जिसमें 10 से अधिक एनएसजी कमांडो और कुल लगभग 55 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं।
ये भी पढ़ें : लोकसभा में राहुल गांधी — ‘वंदे मातरम्’ और ‘चुनाव सुधार’ पर हुई चर्चा के बाद सरकार पर बढ़ा दबाव


