एजेंसी, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कांग्रेस के लोकसभा सांसदों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शीतकालीन सत्र में ‘वंदे मातरम्’ और चुनाव सुधारों पर हुई बहस में पार्टी सांसदों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इन दोनों मुद्दों पर सरकार अब दबाव महसूस कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि भी दी गई, जिनका शुक्रवार को 90 वर्ष की आयु में निधन हुआ। बैठक के बाद कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी का कहना था कि ‘वंदे मातरम्’ और चुनाव सुधारों पर हुई चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसदों का हस्तक्षेप प्रभावी रहा और इन विषयों पर सरकार को जवाब देने में कठिनाई हुई। कांग्रेस के मुख्य सचेतक कोडिकुनिल सुरेश ने बताया कि यह बैठक नियमित रूप से आयोजित होने वाली रणनीतिक समीक्षा का हिस्सा थी, जिसमें सत्र के कामकाज और सांसदों की राय पर चर्चा की जाती है।

राहुल गांधी ने लोकसभा में वायु प्रदूषण पर व्यापक चर्चा की मांग रखी
लोकसभा के शून्यकाल में राहुल गांधी ने दिल्ली सहित कई प्रमुख शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, इसलिए संसद में इस विषय पर विस्तृत चर्चा कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि इस चर्चा में समाधान पर ज़ोर होना चाहिए, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक ठोस राष्ट्रीय योजना सामने रखनी चाहिए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बताया कि यह मुद्दा कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में रखा गया था और सरकार इस पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।

राज्यसभा में सभापति सी पी राधाकृष्णन ने याद किया 2001 का संसद हमला
उच्च सदन की बैठक के आरंभ में राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने 13 दिसंबर 2001 को हुए संसद हमले को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय वह लोकसभा सदस्य थे और संसद भवन की पहली मंजिल से उन्होंने आतंकियों को भागते हुए देखा था। राधाकृष्णन ने कहा कि 13 दिसंबर 2025 को उस हृदय विदारक घटना की 24वीं बरसी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संसद को निशाना बनाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई थी, लेकिन हमारे सुरक्षाकर्मियों ने अपने साहस से आतंकियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए सदन में भावपूर्ण श्रद्धांजलि व्यक्त की।
ये भी पढ़ें : राजस्थान : हनुमानगढ़ में इथेनॉल प्लांट विवाद पर पुलिस-किसान भिड़ंत, इंटरनेट सेवाएं ठप; स्कूलों में अवकाश


