एजेंसी, न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार की रात एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान रनवे पर मौजूद फायर ट्रक से टकरा गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भीषण टक्कर में विमान के मुख्य पायलट और सह-पायलट की जान चली गई, जबकि ट्रक में सवार दो लोग घायल हुए हैं।
जैज एविएशन द्वारा संचालित यह सीआरजे-900 विमान मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क पहुंचा था। हादसे के समय विमान में 72 यात्री और चालक दल के 4 सदस्य सवार थे। टक्कर होते ही रनवे संख्या 4 को तुरंत बंद कर दिया गया और पूरे एयरपोर्ट पर आपात स्थिति लागू कर दी गई। इसके चलते विमानों का आवागमन रोक दिया गया और आने वाली उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।
हादसे से ठीक पहले के घटनाक्रम बेहद चौंकाने वाले हैं। वायरल हुए ऑडियो और जांच के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने ट्रक और विमान दोनों को रुकने के लिए कहा था। कंट्रोलर लगातार “स्टॉप-स्टॉप” चिल्लाता रहा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और टक्कर हो गई। रिकॉर्डिंग में कंट्रोलर की आवाज सुनाई दे रही है जिसमें वह कह रहा है, “जैज 646, आप वाहन से टकरा गए हैं, वहीं रुके रहें, मदद भेजी जा रही है।”
ये भी पढ़े : कतर के समुद्री क्षेत्र में बड़ा हादसा : हेलीकॉप्टर गिरने से 7 लोगों की मौत, रक्षा मंत्रालय ने की पुष्टि
लैंडिंग के बाद विमान रनवे पर करीब 130 मील प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का कॉकपिट वाला हिस्सा बुरी तरह उठा हुआ और टूटा हुआ नजर आ रहा है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने इस घटना के बाद ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया और एयरपोर्ट को सोमवार दोपहर 2 बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया।
जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त एयरपोर्ट पर हल्की बारिश और कोहरे की चेतावनी भी जारी की गई थी। फिलहाल जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से छानबीन कर रही हैं कि हवाई पट्टी पर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और रनवे पर वह वाहन किस परिस्थिति में पहुंचा।


