एजेंसी, दोहा। पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। रविवार तड़के कतर के क्षेत्रीय जल क्षेत्र में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 7 लोगों की जान चली गई है। स्थानीय मीडिया और अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत में कुछ लोग लापता थे, जिन्हें ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। अब कतर के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर सभी सात मौतों की पुष्टि कर दी है।
تعلن وزارة الدفاع القطرية عن تعرض طائرة مروحية قطرية إلى عطل فني أثناء تأدية واجب روتيني، مما أدى إلى سقوطها في المياه الإقليمية للدولة، وجاري البحث عن طاقمها والركاب.
The Ministry of Defense of State of Qatar announces that a Qatari helicopter had technical malfunction during a… pic.twitter.com/5yaYHa6KoW
— وزارة الدفاع – دولة قطر (@MOD_Qatar) March 22, 2026
कतर के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद विशेष सैन्य टीमों को खोज और बचाव कार्य के लिए समुद्र में उतारा गया। इस अभियान में तटीय और सीमा सुरक्षा के सामान्य निदेशालय की समुद्री बचाव टीम और आंतरिक सुरक्षा बल के अंतरराष्ट्रीय खोज समूह ने मिलकर काम किया। कतर के गृह मंत्रालय ने पहले बताया था कि सात में से छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि आखिरी लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सघन अभियान जारी रखा गया था। अब सभी सात लोगों के मारे जाने की खबर साझा की गई है।
ये भी पढ़े : मथुरा में गौ रक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद भारी हंगामा : पुलिस ने साजिश की खबरों को नकारा, सड़क हादसे को बताया असली वजह
फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान और उनके बारे में विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब पूरा इलाका युद्ध की आग में झुलस रहा है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद से ही पूरे क्षेत्र में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को अपना निशाना बनाया है। इस संघर्ष की वजह से कतर, बहरीन, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन और सऊदी अरब जैसे देशों को भी हमलों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का भी एलान कर दिया है, जिससे समुद्री परिवहन और सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है।


