देश भर के सीआरपीएफ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्लीl दिल्ली के रोहिणी इलाके में हुए विस्फोट के ठीक बाद देश भर के कई सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन स्कूलों में दिल्ली और हैदराबाद के स्कूल भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई है। दिल्ली पुलिस इस मामले में खालिस्तानी लिंक की जांच कर रही है। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने टेलीग्राम ऐप से उस चैनल के बारे में जानकारी मांगी है, जिस पर बम की धमकी दी गई थी। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को भी बम की झूठी धमकी मिली है।

रोहिणी विस्फोट के बाद बढ़ी सनसनी

रोहिणी में हुए विस्फोट में सीआरपीएफ स्कूल की दीवार उड़ गई थी, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। लेकिन पास की दुकान का एक साइनबोर्ड और वहां पर खड़े वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा था। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध के सीसीटीवी फुटेज बरामद किए हैं और विस्फोट से ठीक पहले साइट के पास देखे गए दो दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की है।

सोशल मीडिया पर ‘जस्टिस लीग इंडिया’ का दावा

रविवार को हुए विस्फोट के कुछ घंटों बाद ‘जस्टिस लीग इंडिया’ नाम के एक चैनल का कथित टेलीग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। पोस्ट में विस्फोट का एक वीडियो था जिसके नीचे ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ वॉटरमार्क था। पुलिस अलर्ट: दिल्ली पुलिस इन धमकियों को गंभीरता से ले रही है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।

Leave a Reply