एजेंसी, भोपाल। मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं के लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। एमपी बोर्ड, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को इन दोनों कक्षाओं का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। छात्र अपना रिजल्ट सुबह 11:30 बजे से आधिकारिक पोर्टल पर देख सकेंगे।
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा नतीजे जारी करने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे विभाग के सभाकक्ष में शुरू होगी, जिसके ठीक आधे घंटे बाद परिणाम ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक आधिकारिक वेबसाइट www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर अपना रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज करके अंकसूची देख सकते हैं। इसी पोर्टल के माध्यम से स्कूलों के प्रधान पाठक और शिक्षक भी अपनी संस्था का पूरा रिजल्ट निकाल सकेंगे। विभाग ने रिजल्ट देखने के लिए क्यूआर कोड की सुविधा भी प्रदान की है।
इस वर्ष मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड के तर्ज पर आयोजित की गई थीं, जो 20 से 28 फरवरी के बीच हुई थीं। इन परीक्षाओं में प्रदेश के सरकारी, निजी स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के कुल 23 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार से ज्यादा और कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी।
ये भी पढ़े : न्यूयॉर्क एयरपोर्ट के रनवे पर प्लेन और ट्रक की भीषण भिड़ंत : एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के स्टॉप-स्टॉप चिल्लाने के बावजूद हादसे में दोनों पायलटों की मौत
कॉपियों की जांच के लिए पूरे प्रदेश में 322 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए थे। लगभग 1.10 लाख से ज्यादा शिक्षकों ने उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर अंकों को ऑनलाइन सिस्टम में दर्ज किया है।
एमपी बोर्ड 5वीं-8वीं का रिजल्ट देखने का तरीका:
– सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट rskmp.in को ओपन करें।
– होमपेज पर दिए गए ‘परिणाम’ लिंक पर क्लिक करें।
– अपना रोल नंबर और जन्म तिथि सही-सही भरें।
– जानकारी दर्ज करते ही आपका स्कोर कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देने लगेगा।
– भविष्य के लिए आप इसे डाउनलोड कर प्रिंट भी निकाल सकते हैं।


