एजेंसी, दतिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को दतिया जिले के भांडेर में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 62 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत वाले 12 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की और कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन पर जोर देते हुए बाबा साहब आंबेडकर के नाम पर एक नई योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति 25 गायों की डेयरी खोलने के लिए 40 लाख रुपए का निवेश करता है, तो सरकार उसे 10 लाख रुपए की सब्सिडी प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य खेती के साथ-साथ दूध उत्पादन के क्षेत्र में भी किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
लघु कृषकों को किराये पर दिए जाएंगे कृषि यंत्र…
आज दतिया जिले के भांडेर में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में ₹62 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन/लोकार्पण किया। साथ ही, हितग्राहियों को कृषि यंत्र वितरित किए।
प्रदेश के किसानों के लिए पर्याप्त बिजली सुनिश्चित की गई… pic.twitter.com/5r1mrTpOpD
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 24, 2026
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दशकों में प्रदेश की शिक्षा और सिंचाई व्यवस्था की हालत बेहद खराब थी। उन्होंने कहा कि 2003 तक केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, जिसे अब बढ़ाकर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया गया है। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इससे बुंदेलखंड की तस्वीर बदल जाएगी और क्षेत्र से होने वाला पलायन पूरी तरह रुक जाएगा।
ये भी पढ़े : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए राजग में सीटों का बंटवारा : भाजपा 27 और अन्नाद्रमुक 178 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, केरल भाजपा अध्यक्ष की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग
किसानों के लिए मुख्यमंत्री ने कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं :
– अब सरकार किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीदी करेगी।
– भावांतर योजना के दायरे को बढ़ाते हुए अब इसमें सरसों की फसल को भी शामिल किया जाएगा।
– नरवाई (फसल के अवशेष) जलाने के बजाय उसे गौशाला में देने पर सरकार किसानों को भूसे का भुगतान करेगी।
– मेधावी छात्रों को स्कूटी और लैपटॉप देने के साथ ही अब स्कूलों में बच्चों को दूध के पैकेट भी दिए जाएंगे, जिसके लिए यशोदा मां योजना शुरू की गई है।
लोकार्पण और शिलान्यास कार्यों के तहत दतिया पीजी कॉलेज में विज्ञान भवन और कैंटीन, रतनगढ़ माता मंदिर के पास यात्री निवास और बिजली उप-केंद्र जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। भांडेर में सांदीपनि शासकीय विद्यालय के नए भवन और छात्रावासों का काम भी शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार हर क्षेत्र में सक्रियता से काम कर रही है।


