भोपाल

भोपाल संभाग आयुक्त कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी : ई-मेल से दी गई आरडीएक्स और साइनाइड गैस के इस्तेमाल की चेतावनी, राजधानी में हड़कंप

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब संभाग आयुक्त (डिविजनल कमिश्नर) कार्यालय को बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इस ई-मेल में दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में आरडीएक्स और साइनाइड गैस से जुड़े विस्फोटक तैयार किए गए हैं। धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए।

ई-मेल में दोपहर 1:15 बजे तक कार्यालय खाली करने की चेतावनी दी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस ई-मेल में तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी का जिक्र करते हुए उनके मामले से सीबीआई को हटाने की मांग भी की गई है। हालांकि, धमकी में दिया गया समय बीत जाने के बाद भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

सुरक्षा एजेंसियां और सर्च ऑपरेशन धमकी मिलते ही कोहेफिजा पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। पूरे कमिश्नर कार्यालय और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई। प्राथमिक जांच और सर्चिंग के दौरान पुलिस को अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। साइबर पुलिस अब उस ई-मेल के आईपी एड्रेस और सोर्स का पता लगाने में जुटी है जिसने यह संदेश भेजा था।

ये भी पढ़े : अटूट जनविश्वास के 8,931 दिन : निर्वाचित सरकार के मुखिया के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनाया देश का सबसे बड़ा रिकॉर्ड

राजधानी में धमकियों का सिलसिला भोपाल में सरकारी संस्थानों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नापतौल विभाग को भी ठीक इसी तरह साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा भोपाल एयरपोर्ट, एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों को भी समय-समय पर बम से उड़ाने की धमकियां दी गई हैं। इन सभी मामलों में अब तक जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन चिंताजनक बात यह है कि अब तक ऐसी फर्जी धमकियां देने वाला एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय परिसर की निगरानी बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply