एजेंसी, उधमपुर। Udhampur Bus Accident : जम्मू के उधमपुर जिले में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक बस दुर्घटना हुई, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और 29 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह हादसा कगोत इलाके के पास हुआ, जब रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और वह काफी तेज गति में थी।
तेज रफ्तार और टायर फटने से हुआ हादसा
घायल यात्रियों और चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण बस की अत्यधिक रफ्तार थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। तेज गति होने के कारण बस सीधे पहाड़ी से नीचे लुढ़क गई। इस हादसे में 15 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 6 अन्य यात्रियों की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।
बचाव कार्य और ऑटो-रिक्शा से टक्कर
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, खाई में गिरने से पहले बस ने एक ऑटो-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि ऑटो में सवार लोग सुरक्षित बच गए, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने मोर्चा संभाला और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बस की हालत इतनी खराब थी कि उसे सीधा करने के लिए हाइड्रोलिक क्रेन की सहायता लेनी पड़ी।
Pained to hear about the loss of lives due to a bus accident in Udhampur, Jammu and Kashmir. I extend my heartfelt condolences to those who have lost their near and dear ones. I pray for the speedy recovery of the injured.
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to…
— PMO India (@PMOIndia) April 20, 2026
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
ईश्वर से दिवंगतों की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 20, 2026
मुआवजे की घोषणा और चिकित्सा सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी और बताया कि सभी घायलों का उपचार उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बस में सवार ज्यादातर लोग रोजाना काम के सिलसिले में रामनगर से शहर की ओर जा रहे थे।
ये भी पढ़े : मणिपुर के उखरुल में खूनी संघर्ष : नेशनल हाईवे पर घात लगाकर हमला, पूर्व सैनिक सहित दो की मौत
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


