खरगोन| मध्य प्रदेश के खरगोन में मंगलवार सुबह एक बस 50 फीट ऊंचे पुल से गिर गई। हादसे में 22 यात्रियों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे, 9 महिलाएं और 10 पुरुष हैं। बस डोंगरगांव और दसंगा के बीच बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। नदी सूखी हुई थी। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। 30 से अधिक घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सात घायलों को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने खरगोन आरटीओ बरखा गौड़ को सस्पेंड कर दिया है। डोंगरगांव के रहने वाले राज पाटीदार ने बताया कि मां शारदा ट्रैवल्स की बस में 50 से 60 लोग सवार थे। हादसा साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। पुलिस-प्रशासन से पहले डोंगरगांव और लोनारा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हमने बस के कांच फोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को अपनी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से पांच मिनट पहले ही बस निकली थी। बस तेज रफ्तार से चल रही थी। खरगोन के सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह चौहान ने बताया कि 3 घायल यात्रियों की मौत जिला अस्पताल में हुई है। शुरुआत में 15 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि 22 लोगों की मौत हुई है। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बस का रजिस्ट्रेशन और फिटनेस निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही एक और आदेश जारी किया है कि लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य रहेंगे।

बस में 50 से अधिक लोग सवार थे
मौके पर एंबुलेंस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। IG राकेश गुप्ता ने बताया कि बस खरगोन के बेजापुर से इंदौर की ओर जा रही थी। रफ्तार तेज होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए पुल से नीचे जा गिरी। बस में 50 से अधिक यात्री थे। नदी सूखी होने के कारण अधिकतर यात्रियों को चोट लगी है। 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
आरटीओ बरखा गौड़ निलंबित
हादसे में घायल लोगों का हाल जानने के लिए प्रभारी मंत्री कमल पटेल जिला अस्पताल पहुंचे। पटेल ने घायलों और उनके परिजन से मुलाकात के बाद उचित उपचार का आश्वासन भी दिया। यहां मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री ने कहा कि इस हादसे में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरटीओ बरखा गौड़ को निलंबित करने का आदेश भी जारी किया। साथ ही बसों में हो रही ओवर लोडिंग पर कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर और एसपी को दिए।
ड्राइवर का पता नहीं चला: SDM
SDM ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप हुआ। फिलहाल बस चालक का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक ऐसा प्रतीत होता है कि ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया था, तभी बस अनियंत्रित हो गई।
कब-क्या हुआ…
बस ग्राम बेजापुरा से इंदौर के लिए सुबह 6.30 बजे रवाना हुई। इसे 11.30 बजे इंदौर पहुंचना था। 50-60 यात्रियों को लेकर बस सुबह 8.30 बजे ग्राम डोंगरगांव और दशनगा पहुंची। बस सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गई। डोंगरगांव और लोनारा के ग्रामीण पुलिस से पहले मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सुबह 9:00 बजे से घायलों का जिला अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। खरगोन के 13, बड़वानी के 5, धार के 3, इंदौर के 1 यात्री की मौत
मृतक – उम्र – निवासी
विवेक पिता प्रेमचंद पाटीदार 23 गंधावड थाना ऊन खरगोन, सोम पिता दिनेश 11 माह घेगांवा थाना ऊन खरगोन, दुर्गेश पिता साजन सिंह 20 मोटापुरा बाना ऊन खरगोन सिमर सिंह), मुस्कान पिता कालू 14 देवगुराडिया इंदौर, संजय पिता पंडरी 30 सुरपान बनाउन, देवकी पति रमेशचंद्र वर्मा धरमपुरी धार, धनालाल गुर्जर लोनारा थाना मेनगांव खरगोन, संतोष पिता गंगाधर बारचे 45 छालपा मेनगांव खरगोन, सविता बाई पति भगवान वर्मा मद्राणीया बाना ठीकरी बड़वानी, रामकुंवर पति दुलीचंद मानकर 60 लोनारा थाना ऊन खरगोन, प्रियांशु पिता लखन 1 अतरसम्भा थाना बेड़िया खरगोन, आंचल पिता सुंदरलाल वास्कले 18 घटवा थाना ठीकरी बड़वानी, लक्ष्मीबाई पति महेश वास्कले 32 घटवा थाना ठीकरी बड़वानी, मांगती बाई पति मंशाराम वास्कले 75 घटवा थाना ठीकरी बड़वानी, सुखदेव पाटीदार पिपरी थाना ऊन खरगोन, मलु बाई पति भगवान लोनारा थाना ऊन खरगोन, कान्हा पिता संतोष पाटीदार पिपरी थाना ऊन खरगोन. कल्लू बाई पति जोगीलाल पाटीदार पिपरी थाना ऊन खरगोन, पिंकी पति कालू वास्कले जरवाहा थाना ठीकरी बड़वानी, सुमित पिता कमल बोरखड़ थाना मनावर धार, अर्जुन जोटपुर थाना मनावर|
पीएम मोदी बोले- प्रशासन मदद में जुटा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खरगोन हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव मदद में जुटा है।
मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। मध्यप्रदेश सरकार ने खरगोन बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए और मामूली रूप से घायलों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट कर घटना पर शोक जताया।
कमलनाथ बोले- घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने लिखा- ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। राहत और बचाव दल को अपने अभियान में शीघ्र सफलता मिले, ऐसी प्रार्थना है।
परिवहन मंत्री बोले- न तो बस स्पीड में थी, न ओवरलोड
खरगोन हादसे पर परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि संकरा पुल होने की वजह से बस की स्पीड तेज नहीं थी। जांच में बस की फिटनेस सही पाई गई है। बस में क्षमता से ज्यादा यात्री नहीं थे। हादसे की वजह ड्राइवर को नींद लगना हो सकती है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, कार्रवाई की जाएगी।


