भोपाल। तीसरे चरण के चुनाव में शामिल भिंड, मुरैना, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, बैतूल और राजगढ़ लोकसभा सीटों के लिए शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा। गुरुवार को 33 अभ्यर्थियों ने 46 नामांकन पत्र जमा किए। वहीं, चौथे चरण के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन पत्र जमा होने शुरू हो गए। पहले दिन सात अभ्यर्थियों ने 12 नामांकन पत्र जमा किए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि तीसरे चरण में शामिल नौ सीटों के लिए अब तक 124 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं।
19 अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इनकी जांच 20 अप्रैल को होगी और 22 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान सात मई को होगा। वहीं, चौथे चरण में शामिल देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा के लिए गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। पहले दिन सात अभ्यर्थियों ने 12 नामांकन पत्र जमा किए। यहां 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इनकी जांच 26 अप्रैल को होगी और 29 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अंतिम चरण का मतदान 13 मई को होगा। सभी चरणों की मतगणना एक साथ चार जून को होगी।


