एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने मीडिया के मोर्चे पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए अब तक की सबसे विशाल टीम का गठन किया है। गुरुवार को घोषित हुई इस जंबो टीम में कुल 89 सदस्यों को शामिल किया गया है, जिसमें दो पूर्व मंत्रियों को अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस नई टीम में 33 प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। इस मीडिया विभाग में प्रदेश भर के दिग्गज नेताओं और कर्मठ कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को भी अहम पदों से नवाजा गया है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्याम टेलर ने भी अपनी 56 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है।
इस नई मीडिया टीम में पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस और ऊषा ठाकुर सहित 11 वर्तमान और 5 पूर्व विधायकों को स्थान मिला है। कुल 47 सदस्यों की एक अन्य सूची में 41 को मीडिया पैनलिस्ट और 6 को प्रदेश मीडिया विभाग का सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा 9 नेताओं को प्रदेश सह मीडिया प्रभारी की कमान दी गई है, जिनमें भोपाल से दो और इंदौर, रायसेन, उज्जैन, ग्वालियर, बैतूल, जबलपुर व सागर से एक-एक नाम शामिल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री @Hkhandelwal1964 जी की सहमति से प्रदेश सह-मीडिया प्रभारीगण, प्रदेश प्रवक्तागण, मीडिया पैनलिस्टगण एवं सदस्यगणों की घोषणा की जाती है। pic.twitter.com/PJ8YYEQ6FL
— BJP Madhya Pradesh (@BJP4MP) April 2, 2026
प्रदेश भाजपा की इस बड़ी टीम में कैबिनेट मंत्री विजय शाह के भाई संजय शाह का नाम भी जुड़ा है, जो हरदा की टिमरनी सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं। वर्तमान विधायकों की बात करें तो अर्चना चिटनीस और ऊषा ठाकुर के साथ कुंवर सिंह टेकाम, गौरव पारधी, नीरज सिंह लोधी, संदीप जायसवाल, संतोष वरकड़े, दिलीप परिहार, संजय शाह, योगेश पंडाग्रे और छाया मोरे को इस महत्वपूर्ण विभाग में शामिल किया गया है।
ये भी पढ़े : पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक उद्योग को बड़ी सौगात : सरकार ने 40 रसायनों पर आयात शुल्क शून्य किया, 30 जून तक लागू रहेगी छूट
मीडिया विभाग में इन नियुक्तियों के तुरंत बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भी अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने अपनी कार्यकारिणी में कुल 56 कार्यकर्ताओं को जगह दी है। इसमें कटनी के मृदुल मिश्रा, धार के जय सूर्या, उज्जैन ग्रामीण के अनिल वर्मा, जबलपुर के योगेंद्र सिंह ठाकुर, राजगढ़ के पवन शर्मा, इंदौर के विवेक शर्मा और भिंड के विश्व प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, संगठन को मजबूती देने के लिए डिंडौरी के राकेश परस्ते और रतलाम के विप्लव जैन को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा की इन नियुक्तियों से साफ है कि पार्टी आगामी समय में मीडिया और युवाओं के बीच अपनी पकड़ को और अधिक सशक्त बनाना चाहती है।


