होर्मुज जलडमरूमध्य

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मित्र देशों को ईरान ने दी बड़ी राहत : रूस सहित कई देशों को अब नहीं देना होगा पारगमन शुल्क

अंतर्राष्ट्रीय इराक देश/प्रदेश रूस

एजेंसी, मास्को/तेहरान। Iran Hormuz Fees News : ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार के महत्वपूर्ण मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए लगने वाले पारगमन शुल्क में रूस सहित अपने मित्र राष्ट्रों को विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। रूस में ईरान के राजदूत काज़ेम जलाली ने इस महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि की है। इससे पूर्व ईरान के संसदीय उपाध्यक्ष हामिद रज़ा हाजी बाबाई ने बताया था कि देश को पहली बार इस समुद्री मार्ग से राजस्व प्राप्त हुआ है, जिसे सरकारी बैंक में जमा करा दिया गया है।

मित्र राष्ट्रों के लिए विदेश मंत्रालय की विशेष पहल

राजदूत जलाली ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कुछ चुनिंदा देशों को इस शुल्क से मुक्त रखा गया है। उन्होंने बताया कि ईरान का विदेश मंत्रालय उन नीतियों को लागू करने पर सक्रियता से काम कर रहा है, जिनके तहत रूस जैसे रणनीतिक साझेदारों और मित्र देशों को आर्थिक राहत दी जा सके। हालांकि भविष्य में इन नियमों में बदलाव की संभावनाओं को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन फिलहाल मित्र देशों के लिए रियायतें बरकरार रहेंगी।

सुरक्षा लागत की भरपाई के लिए लगाया गया था शुल्क

ईरान ने इस समुद्री मार्ग पर शुल्क लगाने की योजना तब पेश की थी, जब अमेरिका और इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के कारण क्षेत्र की सुरक्षा पर होने वाला खर्च काफी बढ़ गया था। ईरान का तर्क है कि इस संवेदनशील जलमार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उसे भारी लागत वहन करनी पड़ती है। वर्तमान स्थिति यह है कि ईरान ने इस मार्ग को तब तक के लिए प्रतिबंधित कर दिया है जब तक कि अमेरिका द्वारा की गई समुद्री घेराबंदी को पूरी तरह समाप्त नहीं कर दिया जाता।

वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट के बादल

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ती सैन्य आक्रामकता के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों का आवागमन काफी हद तक प्रभावित हुआ है। फारस की खाड़ी के देशों से दुनिया भर के बाजारों में कच्चे तेल और एलपीजी की आपूर्ति के लिए यह दुनिया का सबसे मुख्य रास्ता माना जाता है। इस मार्ग में पैदा हुए अवरोधों के कारण वैश्विक स्तर पर तेल के उत्पादन और इसके निर्यात की श्रृंखला पर गहरा असर पड़ रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है।

ये भी पढ़े : पेंटागन में बड़ी कार्रवाई : ट्रंप ने अब नौसेना प्रमुख को हटाया, हनी ट्रैप के चलते परमाणु वैज्ञानिक भी निलंबित

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply