ट्रंप

पेंटागन में बड़ी कार्रवाई : ट्रंप ने अब नौसेना प्रमुख को हटाया, हनी ट्रैप के चलते परमाणु वैज्ञानिक भी निलंबित

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका देश/प्रदेश

एजेंसी, वॉशिंगटन डीसी। US Navy Chief Fired : अमेरिका के रक्षा विभाग में इन दिनों बड़े बदलावों का दौर जारी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज के बाद अब नौसेना प्रमुख जॉन फेलन को भी पद से बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही परमाणु विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी एंड्रयू हग को भी निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि वे हनी ट्रैप का शिकार होकर गोपनीय जानकारी लीक कर रहे थे। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।

रक्षा मंत्री से अनबन और तालमेल की कमी

नौसेना प्रमुख जॉन फेलन को हटाए जाने के पीछे मुख्य वजह रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ उनके मतभेदों को माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, नौसेना के बेड़े को आधुनिक बनाने और नए युद्धपोतों व पनडुब्बियों के निर्माण की योजनाओं को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा था। रक्षा मंत्री का मानना था कि फेलन सैन्य सुधारों को लागू करने में सुस्ती बरत रहे थे, जिसकी वजह से कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की लागत बढ़ रही थी और उनमें देरी हो रही थी।

प्रोटोकॉल तोड़कर सीधे राष्ट्रपति से संपर्क

फेलन पर यह भी आरोप लगा है कि उन्होंने सैन्य नियमों और तय व्यवस्था (कमांड चेन) का उल्लंघन किया। आमतौर पर नौसेना प्रमुख को रक्षा मंत्रालय के माध्यम से राष्ट्रपति तक अपनी बात पहुँचानी होती है, लेकिन फेलन सीधे राष्ट्रपति ट्रंप से संपर्क कर रहे थे। इस रवैये ने रक्षा मंत्री हेगसेथ को नाराज कर दिया, जिसके बाद उन्हें पद से हटाने का फैसला लिया गया।

आर्मी चीफ रैंडी जॉर्ज की भी समय से पहले विदाई

इससे पहले 2 अप्रैल को आर्मी चीफ जनरल रैंडी जॉर्ज को भी उनके कार्यकाल खत्म होने से एक साल पहले ही पद से हटा दिया गया था। रैंडी जॉर्ज की नियुक्ति पिछली सरकार के समय हुई थी। जानकारों का मानना है कि ट्रंप प्रशासन सेना के शीर्ष नेतृत्व में अपने भरोसेमंद अधिकारियों को नियुक्त करना चाहता है। जनरल रैंडी के जाने के बाद अब क्रिस्टोफर ला नेव कार्यवाहक आर्मी चीफ के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

हनी ट्रैप और संवेदनशील सूचनाएं लीक होने का मामला

प्रशासन ने परमाणु विभाग के वैज्ञानिक एंड्रयू हग पर भी गाज गिराई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला खुला, जिसमें हग एक महिला के साथ रेस्तरां में बैठकर अमेरिका की परमाणु और केमिकल सुरक्षा से जुड़ी गुप्त जानकारी साझा करते दिखे। वीडियो में अमेरिका के पास मौजूद खतरनाक रसायनों और एक सैन्य वैज्ञानिक की मौत से जुड़ी संवेदनशील चर्चा होने का दावा किया गया है, जिसके बाद हग को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया।

ये भी पढ़े : पश्चिम एशिया में गहराया संकट : होर्मुज जलडमरूमध्य में दो जहाजों पर हमले से अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ सकता है तनाव

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply