सीएम मोहन यादव के दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल, मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें और तेज 

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश के राजनैतिक गलियारों में इन दिनों मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज चल रही है। बीजेपी के कई अनुभवी नेताओं को निगम-मंडलों में समायोजित किया जाना तय माना जा रहा है। सूची काफी पहले ही तैयार कर ली गई थी, लेकिन बिहार चुनाव के चलते इसकी घोषणा टल गई थी। अब इसमें कुछ संशोधन करके इसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। अनुमान जताया जा रहा है कि यह सूची जल्द ही सार्वजनिक की जा सकती है। इसी बीच मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की बातें भी सामने आने लगी हैं। कहा जा रहा है कि कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के कामकाज से हाईकमान खासा संतुष्ट नहीं है। इन अटकलों को तब और बल मिला जब रविवार को सीएम मोहन यादव अचानक दिल्ली पहुंच गए। निगम-मंडलों में पद और मंत्री पद पाने के दावेदार नेताओं की बेचैनी इससे बढ़ गई। हालांकि सीएम मोहन यादव के दिल्ली दौरे के दूसरे दिन भी राजनैतिक नियुक्तियों को लेकर कोई नई जानकारी नहीं आई है। आधिकारिक रूप से सिर्फ उनकी केंद्रीय मंत्री डॉ. मनोहरलाल खट्टर से मुलाकात की पुष्टि की गई है। एमपी में मोहन यादव सरकार के मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावनाएं और तीव्र हो गई हैं। सीएम सभी मंत्रियों से विभागवार रिपोर्ट पहले ही मांग चुके हैं। संभावित फेरबदल में 2 वरिष्ठ नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा है। एमपी बीजेपी के दिग्गज नेताओं में गिने जाने वाले गोपाल भार्गव को एक बार फिर मंत्री बनाने की बात सामने आ रही है। संभावित मंत्रियों में दो महिला नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। प्रदेश में निगम-मंडलों में नई नियुक्तियां भी की जानी हैं। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और सीएम मोहन यादव मिलकर इसके लिए नेताओं की सूची तैयार कर चुके हैं। कहा जा रहा है कि इसकी घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

दिल्ली दौरे से प्रदेश का राजनीतिक तापमान बढ़ा 
मंत्रिमंडल फेरबदल और निगम-मंडलों में नियुक्तियों की चर्चाओं के बीच रविवार को सीएम मोहन यादव अचानक दिल्ली पहुंचे। उनके इस दौरे ने प्रदेश के राजनीतिक माहौल का तापमान बढ़ा दिया। मंत्री पद और निगम-मंडलों में स्थान पाने की उम्मीद रखने वाले नेताओं की बेचैनी और बढ़ गई। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनोहरलाल खट्टर से भेंट की। उन्होंने सिंहस्थ-2028 से जुड़ी तैयारियों और परियोजनाओं पर केंद्रीय मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री डॉ. मनोहरलाल खट्टर से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे।

Leave a Reply