कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का मामला गृह मंत्रालय भेजेगी असम सरकार : सीएम हिमंता के आरोप- कांग्रेस सांसद की पत्नी के पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई का मामला गृह मंत्रालय भेजेगी असम सरकार : सीएम हिमंता के आरोप- कांग्रेस सांसद की पत्नी के पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध

असम देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, गुवाहाटी। असम सरकार कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के पाकिस्तान कनेक्शन मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय भेजेगी। असम कैबिनेट ने शनिवार को यह फैसला लिया। जिसके बारे में रविवार को मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। असम सरकार कांग्रेस सांसद गौरव की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न का ओसीआई/वीजा रद्द करने की मांग भी करेगी क्योंकि उनकी मौजूदगी भारत के लिए नुकसानदायक है।

असम सीएम का आरोप है कांग्रेस सांसद गौरव और उनकी पत्नी एलिजाबेथ, पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के बहुत करीब हैं। एक पाकिस्तानी फर्म ने गौरव की पत्नी को नौकरी दी, फिर उन्हें भारत ट्रांसफर कर दिया। एलिजाबेथ भारत से जुड़ी कई जानकारियां इकट्ठा करती थीं और पाकिस्तानी नागरिक अली शेख को रिपोर्ट देती थीं। अली तौकीर शेख एलिजाबेथ को इस काम के लिए सैलरी देता था। हिमंता ने यह भी दावा किया कि अली तौकीर 2010 से 2013 के बीच 13 बार भारत आया था। उसका मकसद दुनिया में भारत विरोधी नैरेटिव तैयार करना था।

गौरव गोगोई बोले- हिमंता ने असम में 4,000 एकड़ जमीन कैसे हासिल की
असम सीएम की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर गौरव गोगोई ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने मीडिया के सामने मंच पर खुद को शर्मिंदा किया। असम में कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता। असम कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि हिमंता परिवार ने कथित तौर पर पूरे असम में 4,000 एकड़ जमीन कैसे हासिल की। उन्होंने कहा कि राज्य में भविष्य की कांग्रेस सरकार ऐसी जमीनों को गरीबों में बांट देगी।

गौरव को अरेस्ट किया तो चुनाव से पहले राजनीति का आरोप लगेगा- हिमंता
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमंता ने बताया कि हमने मौजूदा सांसद गौरव गोगोई से पाकिस्तान कनेक्शन के बारे में पूछताछ नहीं की है। हमने उनके पद की गरिमा का सम्मान करते हुए यह मामला केंद्र पर छोड़ दिया है। हिमंता ने यह भी कहा कि अगर अब गौरव गोगोई को गिरफ्तार करने जैसा कदम उठाया तो मुझ पर असम विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति करने का आरोप लगेगा।

ये भी पढ़े : भारत ने यूएसए को 29 रन से हराया, सिराज ने झटके 3 विकेट, सूर्या का अर्धशतक

गौरव गोगोई-एलिजाबेथ पर सीएम हिमंता के 10 आरोप
– एलिजाबेथ ने आईबी सूत्रों से क्लाइमेट एक्शन के बारे में जानकारी इकट्ठा कीं।
– गौरव गोगोई ने चुनावी हलफनामे में पत्नी के पाकिस्तानी बैंक खाते के बारे में नहीं बताया।
– गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ को पेमेंट करने के लिए एफसीआरए नियमों को दरकिनार किया गया।
– भारतीय फर्म में काम करते हुए, एलिजाबेथ 6 बार इस्लामाबाद गईं। दूसरे एनजीओ में शामिल होने के बाद 3 बार पाकिस्तान का दौरा किया।
– एलिजाबेथ सिर्फ अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान जाती थी, कभी फ्लाइट से नहीं गईं।
– गौरव ने अपनी शादी से पहले दिसंबर 2013 में चुपके से पाकिस्तान गए थे। उस समय वे असम के सीएम के आवास में रह रहे थे।
– गौरव को 2013 में इस्लामाबाद, कराची जाने की इजाजत दी गई, हालांकि वीजा सिर्फ लाहौर के लिए जारी किया गया था।
– कांग्रेस सांसद की यात्रा के बारे में असम पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
– पाकिस्तान में 10 दिन के रहने के दौरान, गौरव डिजिटली साइलेंट थे, इस बीच उन्होंने वहां किसी तरह की ट्रेनिंग ली होगी।
– पाकिस्तान से लौटकर गोगोई ने संसद में रक्षा उपकरणों और परमाणु संयंत्रों पर सवाल पूछे थे।

अब इंटरपोल और सरकार की मदद की जरूरत- हिमंता
सीएम सरमा ने कैबिनेट के फैसले के बाद कहा था कि पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और ब्रिटिश नागरिक एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई से जुड़ी भारत विरोधी साजिश की जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दी जाएगी। सरमा ने कहा कि एसआईटी जांच ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां केंद्र सरकार की मदद के बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है, क्योंकि इंटरपोल से मदद, भारत सरकार और संसद से संवेदनशील जानकारी की जरूरत है। इसलिए यह तय किया गया है कि मामला गृह मंत्रालय की चुनी गई केंद्रीय सरकारी एजेंसी को सौंप दिया जाएगा।

गौरव ने कहा था- पत्नी आईएसआई एजेंट, तो मैं भी आरएडब्ल्यू एजेंट
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने भी खुद कोआरएडब्ल्यू एजेंट बताया था। गौरव ने कहा था- ‘अगर मेरी पत्नी पाकिस्तान की आईएसआई एजेंट है तो मैं भारत का आरएडब्ल्यू एजेंट हूं। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता अगर कोई ऐसा परिवार जिसके खिलाफ कई केस और कई आरोप हैं, मुझ पर आरोप लगाता है। असम के मुख्यमंत्री ये आरोप सिर्फ अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए लगा रहे हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply