एमपी कांग्रेस के अहम नेताओं को किया तलब, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार भी जाएंगे दिल्ली 

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, मध्यप्रदेश। बिहार में करारी हार से झुंझलायी कांग्रेस अब धीरे धीरे स्थितियों को सँभालने की कोशिश कर रही है। पार्टी फिलहाल महागठबंधन की हलचलों से ज्यादा विशेष गहन समीक्षा यानी एसआईआर पर अपना फोकस लगाए हुए है। इसे ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस को भी खास दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यहां तक कि प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी को एक ब्लॉक की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। विशेष गहन समीक्षा एसआईआर पर मंथन के लिए कांग्रेस ने दिल्ली में बैठक बुलाने का फैसला किया है। इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए एमपी कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं को तलब किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी इस बैठक में मौजूद रहेंगे। विशेष गहन समीक्षा यानी एसआईआर के मुद्दे पर बिहार में महागठबंधन खासतौर पर कांग्रेस ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला था। हालांकि जनता ने इसे स्वीकार नहीं किया और बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर विस्तृत चर्चा करने का फैसला किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस संदर्भ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विमर्श करेंगे। देश के जिन राज्यों में  एसआईआर का कार्य जारी है, उन सभी प्रदेशों के वरिष्ठ नेताओं से बात की जाएगी। इसके लिए दिल्ली में 18 नवंबर को बैठक रखी गई है।

 एमपी के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलावा 
एसआईआर के मुद्दे पर दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण बैठक में एमपी के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाया गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता इस बैठक में शामिल होने दिल्ली जाएंगे। बताया जाता है कि फिलहाल देश के 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का काम जारी है। इनमें मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान, यूपी, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, गोवा, गुजरात, केरल, पुडुचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप शामिल हैं।

Leave a Reply