एजेंसी, बेतुल। मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। 34 वर्षीया सुरभि खंडेलवाल के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मृत्यु का कारण दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ना बताया जा रहा है। दुखद समाचार मिलते ही हेमंत खंडेलवाल के निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं, परिचितों और रिश्तेदारों का तांता लग गया।
अचानक बिगड़ी तबीयत बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे सुरभि की नियमित फिजियोथेरेपी की गई थी। इसके कुछ ही देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और महज आधे घंटे के भीतर उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना के समय हेमंत खंडेलवाल भोपाल में थे, लेकिन सूचना मिलते ही वे तुरंत बैतूल के लिए रवाना हो गए। सुरभि खंडेलवाल, हेमंत खंडेलवाल और आरडी पब्लिक स्कूल की संचालिका रितु खंडेलवाल की सुपुत्री थीं।
ये भी पढ़े : अर्शदीप सिंह पर आईसीसी की गाज : टी20 विश्व कप फाइनल में फील्डिंग के दौरान गलती पर लगा जुर्माना
शाम को होगा अंतिम संस्कार सुरभि खंडेलवाल की अंतिम यात्रा शाम 5 बजे उनके गंज स्थित निवास से निकाली जाएगी। उनका अंतिम संस्कार कोठी बाजार स्थित मोक्षधाम में किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के नेताओं ने जताया गहरा दुख मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की सुपुत्री के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी सहित राज्य के तमाम मंत्रियों और वरिष्ठ राजनेताओं ने भी इस घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।


