एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को इस अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानकारी साझा की।
आईसीसी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, अर्शदीप को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह नियम मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या अन्य उपकरण फेंकने से संबंधित है। जुर्माने के साथ ही अर्शदीप के खाते में एक डिमेरिट अंक (अवनति अंक) भी जोड़ दिया गया है। पिछले दो वर्षों में खिलाड़ी की यह पहली गलती दर्ज की गई है। यह घटना उस समय हुई जब अर्शदीप अपने ओवर में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरिल मिचेल के एक शॉट को रोक रहे थे। गेंद रोकने के बाद जब उन्होंने देखा कि मिचेल क्रीज से थोड़ा बाहर हैं, तो उन्होंने विकेट की दिशा में थ्रो किया, जो सीधे बल्लेबाज के पैड पर जा लगा। हालांकि, अर्शदीप ने तुरंत अपनी गलती मानते हुए मिचेल से माफी मांग ली थी और मैच के बाद भी व्यक्तिगत रूप से मिलकर खेद जताया था।
ये भी पढ़े : ईरान में नए युग की शुरुआत : मोजतबा खामेनेई बने अगले सर्वोच्च नेता, डोनाल्ड ट्रंप ने नियुक्ति को किया खारिज
मैच के अंपायरों—रिचर्ड इलिंगवर्थ, एलेक्स वार्फ, अल्लाहुद्दीन पालेकर और एड्रियन होल्डस्टॉक ने अर्शदीप के खिलाफ यह शिकायत दर्ज कराई थी। खिलाड़ी ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा तय की गई सजा को स्वीकार कर लिया है, जिसके चलते इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। आईसीसी के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी 24 महीनों के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट अंक प्राप्त करता है, तो उसे कुछ मैचों के लिए प्रतिबंधित किया जा सकता है।


