मुख्यमंत्री डॉ. यादव

हाईटेक सुरक्षा और सुशासन की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

हाईटेक सुरक्षा और सुशासन की ओर बढ़ता मध्यप्रदेश- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश की व्यापारिक राजधानी इंदौर में कानून-व्यवस्था और यातायात को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ और ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस के बेड़े में 18 हाईटेक ड्रोन शामिल किए, जो शहर की सुरक्षा में तीसरी आंख की तरह काम करेंगे। उन्होंने जनता की मांग पर इंदौर में तीन नए पुलिस थाने खोलने और पुलिस बल को बढ़ाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हर साल पुलिस विभाग में 22 हजार 500 पदों पर भर्तियां कर रही है। साथ ही राज्य के हर जिले में पुलिस बैंड की स्थापना की जा रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार उनके साथ है, लेकिन आम जनता को बेवजह परेशान करना या ड्यूटी में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस के इस्तेमाल के लिए 10 नई सरकारी गाड़ियों को भी हरी झंडी दिखाई।

विरासत के साथ विकास के रास्ते पर बढ़ रहा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने इंदौर के गौरवशाली इतिहास और आज के दौर की तकनीकी तरक्की की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी सरकार ‘विरासत से विकास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के सेवा और सुशासन के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि जिस इंदौर को उन्होंने सींचा था, आज वही शहर नई तकनीकों को अपनाने में पूरे देश के लिए मिसाल बन रहा है। डॉ. यादव के अनुसार, विज्ञान आज के समय में सुशासन लाने के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सरकार आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके प्रशासनिक कामकाज को सुधारने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ट्रैफिक साथी ऐप से आसान होगी शहर की राहें

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जिला ड्रोन यूनिट और ट्रैफिक साथी ऐप जैसी नई शुरुआत से पुलिस और प्रशासन को बहुत मदद मिलेगी। यह कदम इंदौर को अधिक सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। जहाँ एक तरफ ये हाईटेक ड्रोन शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को संभालेंगे, वहीं दूसरी तरफ इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल ऐप आम वाहन चालकों के लिए मददगार साबित होगा। इस नए ऐप की मदद से लोग शहर में गाड़ियों को खड़ी करने के लिए पार्किंग की सही और खाली जगह आसानी से देख सकेंगे।

अपराधों पर लगाम लगाने में मिलेगी बड़ी मदद

इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम में बताया कि पुलिस के बेड़े में शामिल किए गए ये सभी 18 ड्रोन बेहद आधुनिक हैं, जो आसपास के 2 किलोमीटर के बड़े दायरे पर आसानी से नजर रख सकते हैं। इनका इस्तेमाल भीड़ को संभालने, यातायात को दुरुस्त रखने और अपराधों को रोकने में किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले इंदौर की प्रसिद्ध रंगपंचमी की गैर और बसंत पंचमी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में ड्रोन का सफल प्रयोग किया जा चुका है। इसके साथ ही इंदौर पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए शहर के 4 हजार 370 लोगों को मुफ्त में हेलमेट भी बांटे हैं।

ये भी पढ़े : मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में बड़ा कदम, सीएम मोहन यादव ने गठित की विशेष समिति

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply