टाटा समूह की एअर इंडिया को लगा तगड़ा झटका : सीईओ कैंपबेल विल्सन ने दिया इस्तीफा, नए बॉस की तलाश के लिए कमेटी गठित

देश/प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। टाटा ग्रुप के मालिकाना हक वाली मशहूर एयरलाइन कंपनी एअर इंडिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है की सीईओ कैंपबेल विल्सन ने दिया इस्तीफा । कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से हटने का फैसला कर लिया है। उनके इस इस्तीफे को बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। विल्सन ने जुलाई 2022 में इस जिम्मेदारी को संभाला था, जब टाटा समूह ने सरकार से इस एयरलाइन की कमान अपने हाथों में ली थी। अब कंपनी ने उनके विकल्प की तलाश तेज कर दी है।

इस्तीफे की वजह और उत्तराधिकारी की खोज

विल्सन ने काफी समय पहले ही एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को साल 2026 तक पद छोड़ने के अपने इरादे के बारे में बता दिया था। एयरलाइन द्वारा जारी किए गए आधिकारिक बयान के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से कंपनी के नेतृत्व और संगठन को मजबूती देने में जुटे थे ताकि उनके जाने के बाद कामकाज पर असर न पड़े। जब तक नए सीईओ की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक विल्सन अपने पद पर बने रहेंगे। कंपनी के बोर्ड ने नए मुखिया को खोजने के लिए एक विशेष समिति का गठन कर दिया है जो आने वाले महीनों में नए नाम पर फैसला करेगी।

विवादों और चुनौतियों भरा रहा सफर

न्यूजीलैंड के रहने वाले विल्सन का कार्यकाल चुनौतियों और आलोचनाओं से भी घिरा रहा। पिछले साल जून में अहमदाबाद से लंदन जा रहे एक विमान हादसे के बाद वह काफी दबाव में थे। इस दुखद घटना में बोइंग 787-8 विमान में सवार कई लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद एयरलाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। विल्सन से पहले टर्किश एयरलाइंस के इल्कर अइसी को यह पद ऑफर किया गया था, लेकिन विवादों के चलते उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया था।

नेतृत्व के संकट से गुजर रही सहायक कंपनियां

एअर इंडिया के साथ-साथ इसकी सहायक कंपनी एअर इंडिया एक्सप्रेस में भी नेतृत्व का संकट बना हुआ है। वहां भी 19 मार्च से प्रमुख का पद खाली पड़ा है, जब पूर्व प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने अपना कार्यकाल पूरा कर इस्तीफा दिया था। अब टाटा समूह के सामने एअर इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के लिए नया और मजबूत नेतृत्व तैयार करने की बड़ी चुनौती है।

ये भी पढ़े : नांदेड़ में शिवसेना नेता की सरेआम हत्या : 3 दिनों में 5 कत्ल से दहला शहर, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को लगी गोली

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply