पुलिस

नांदेड़ में शिवसेना नेता की सरेआम हत्या : 3 दिनों में 5 कत्ल से दहला शहर, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को लगी गोली

देश/प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय

एजेंसी, नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई जब नांदेड़ में शिवसेना नेता की सरेआम हत्या कर दि गई । पिछले 72 घंटों के भीतर हुई पांच हत्याओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सोमवार सुबह तड़के नांदेड़ के श्रीनगर क्षेत्र में शिवसेना (शिंदे गुट) के युवा सेना शहर अध्यक्ष सोनू कल्याणकर (35) की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मॉर्निंग वॉक के दौरान घात लगाकर हमला

जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय सोनू कल्याणकर हमेशा की तरह सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर से सैर के लिए निकले थे। जैसे ही वे श्रीनगर मार्ग पर पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे तीन से चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने धारदार हथियारों से उनके पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल कल्याणकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और आरोपी वहां से फरार होने में कामयाब रहे।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर

इस हत्याकांड के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी शुरू की। एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भागने लगा। पुलिस की बार-बार चेतावनी के बावजूद जब वह नहीं रुका, तो आत्मरक्षा और आरोपी को रोकने के लिए पुलिस ने उसके पैर पर गोली चलाई। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुरानी रंजिश और राजनीतिक सफर

सोनू कल्याणकर रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े थे और सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय थे। उन्होंने हाल ही में बीजेपी छोड़कर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थामा था, जिसके बाद उन्हें युवा सेना का शहर अध्यक्ष बनाया गया था। गौरतलब है कि तीन साल पहले भी उन पर रिंदा गैंग के सदस्यों ने सरेआम फायरिंग की थी, जिसमें वे बाल-बाल बचे थे। पुलिस अब इस कोण से भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्या के पीछे जेल में बंद गैंगस्टरों का हाथ है।

नांदेड़ में बेखौफ अपराधी, दहशत में जनता

शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और पिछले तीन दिनों में एक के बाद एक 5 हत्याएं हो चुकी हैं। दो दिन पहले भाग्यनगर में ‘सदा गैंग’ और ‘साई लाला गैंग’ के बीच हुई वर्चस्व की लड़ाई में तीन बदमाशों की जान चली गई थी। इसके बाद वजीराबाद में रज्जू सिंह की हत्या हुई और अब शिवसेना नेता का कत्ल। इन लगातार हो रही वारदातों ने आम जनता के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि सभी मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य दोषियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

ये भी पढ़े : भारत को गीदड़भभकी दे रहे पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ : बोले- संघर्ष हुआ तो कोलकाता तक पहुंचेंगे

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply