एजेंसी, सिलवासा। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के सिलवासा में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहाँ एक गोदाम में हुए जबरदस्त सिलेंडर ब्लास्ट में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह दर्दनाक घटना देमनी रोड पर स्थित एक गोदाम में उस समय हुई, जब वहाँ कथित तौर पर नाइट्रोजन गैस के सिलेंडरों को भरने का काम चल रहा था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस समय सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी, तभी अचानक एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। यह धमाका इतना शक्तिशाली था कि गोदाम की इमारत का मलबा उड़कर दूर सड़क तक जा गिरा, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। चश्मदीदों का कहना है कि धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोगों को भूकंप जैसा तेज झटका महसूस हुआ।
ये भी पढ़े : अभिषेक शर्मा पर बीसीसीआई की बड़ी गाज, अंपायर के फैसले का विरोध करने पर कटी 25 प्रतिशत मैच फीस
स्थानीय निवासियों ने बताया कि विस्फोट की गूँज काफी दूर तक सुनाई दी। धमाके के वक्त करीब 30 मीटर के दायरे में मौजूद लोग और स्कूल जाने वाले बच्चे बुरी तरह घबरा गए। डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और हर तरफ अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की गाड़ियाँ तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत व बचाव का काम शुरू किया गया। मलबे में दबे और घायल लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज किया जा रहा है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, जान गंवाने वालों में गोदाम का मैनेजर भी शामिल है। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जाँच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका किन कारणों से हुआ और क्या वहाँ सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था।


