एजेंसी, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के कुछ ही समय पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के पुजारियों और मुअज्जिनों के लिए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि पुजारियों और मुअज्जिनों के मासिक मानदेय में 500 रुपये की वृद्धि की जा रही है, जिसके बाद अब उन्हें हर महीने 2000 रुपये प्राप्त होंगे।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि पुजारी और मुअज्जिन समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक ढांचे को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मानदेय योजना के तहत जितने भी नए आवेदन सरकार के पास आए थे, उन सभी को मंजूरी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार एक ऐसा वातावरण बनाने में विश्वास रखती है जहां हर समुदाय की परंपराओं को सम्मान मिले और हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षकों को उचित सहयोग प्राप्त हो।
ये भी पढ़ें : शुजालपुर में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन : 162 जोड़ों के फेरे और 38 निकाह संपन्न, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिया आशीर्वाद
पुजारियों के अलावा मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए भी खुशखबरी दी है। सरकार ने पुरानी बकाया महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान की प्रक्रिया मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया है। यह लाभ सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ शिक्षकों, पंचायत कर्मियों और नगर पालिकाओं के कर्मचारियों को भी मिलेगा। वित्त विभाग ने इस भुगतान के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और अधिसूचना भी जारी कर दी है।
गौरतलब है कि यह घोषणा चुनाव आयोग द्वारा राज्य में दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में मतदान के कार्यक्रम की घोषणा करने से कुछ देर पहले ही की गई है। राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने से ऐन पहले लिए गए इन फैसलों को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।


