सतपुड़ा टाइगर रिजर्व

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में रूह कंपा देने वाली वारदात : महुआ चुनने गए आदिवासी को बाघ ने बनाया निवाला, ग्रामीण पहुंचे तो शव के पास ही डटा था शिकारी

देश/प्रदेश नर्मदापुरम प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में स्थित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चूरना परिक्षेत्र के जंगलों में महुआ बीनने गए एक 50 वर्षीय आदिवासी ग्रामीण को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। बाघ का हमला इतना भीषण था कि उसने मृतक के शरीर का आधा हिस्सा नोंचकर खा लिया। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

खूंखार बाघ को देख ग्रामीणों के उड़े होश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चनागढ़ निवासी 49 वर्षीय सुधराम चौहान बुधवार को पास के झुनकर जंगल में महुआ इकट्ठा करने गए थे। जब वे देर शाम तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण जंगल के भीतर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सबकी रूह कांप गई। सुधराम का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था और बाघ बड़े आराम से लाश के पास ही बैठा हुआ था। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह बाघ को वहां से भगाया और पुलिस व वन विभाग को इसकी सूचना दी।

महुआ का सीजन और बाघों का खतरा

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के आसपास रहने वाले ग्रामीणों के लिए इन दिनों महुआ बीनना जानलेवा साबित हो रहा है। दरअसल, महुआ के सीजन में ग्रामीण और महिलाएं सुबह-सुबह जंगल के भीतर तक चले जाते हैं, जहां जंगली जानवरों से सामना होने का खतरा बना रहता है। इस हमले में बाघ ने सुधराम के शरीर के अधिकांश हिस्से को अपना निवाला बना लिया था। मौके पर पहुंची केसला पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव के अवशेषों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद वन विभाग और पुलिस ने स्थानीय लोगों से अकेले जंगल न जाने की अपील की है। केसला थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है ताकि लोग सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। वन विभाग के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल वन विभाग की टीम उस बाघ की निगरानी कर रही है ताकि वह दोबारा किसी इंसान पर हमला न कर सके। इस घटना ने एक बार फिर जंगल किनारे बसे गांवों में मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है।

ये भी पढ़े : बीमा घोटाले के खिलाफ सीबीआई का कड़ा प्रहार : अस्पताल की फाइलों के बदले पैसे वसूल रहे नेशनल इंश्योरेंस के प्रबंधक और जांच अधिकारी धरे गए

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply