rajasthan-hanumangarh-ethanol-factory-protest-police-school-holiday

राजस्थान : हनुमानगढ़ में इथेनॉल प्लांट विवाद पर पुलिस-किसान भिड़ंत, इंटरनेट सेवाएं ठप; स्कूलों में अवकाश

देश/प्रदेश राजस्थान राष्ट्रीय

एजेंसी, जयपुर। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के राठीखेड़ा गांव में प्रस्तावित इथेनॉल प्लांट को लेकर बुधवार को किसानों का विरोध अचानक उग्र मोड़ ले गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ेगा और खेती पर असर पड़ेगा, इसी वजह से वे लंबे समय से इसका विरोध कर रहे थे। बुधवार को जब किसानों ने निर्माणाधीन दीवार को ट्रैक्टर की मदद से तोड़ा, तो हालात बिगड़ गए और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। लाठीचार्ज के दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसमें दर्जनभर से अधिक लोग घायल हुए। गुस्साए किसानों ने पुलिस वाहनों व प्रशासनिक जीपों में आग लगा दी और पथराव भी किया। जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत वाला यह इथेनॉल प्लांट इस समय राजस्थान में चर्चा का प्रमुख मुद्दा बन गया है।

कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पुनिया घायल
झड़प के बीच कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पुनिया भी घायल हो गए। उन्हें हनुमानगढ़ जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इस घटना ने राज्य की राजनीति, स्थानीय किसानों और औद्योगिक परियोजनाओं के बीच बढ़ते तनाव को और तेज कर दिया है।

इंटरनेट बंद, धारा 144 लागू
घटनाक्रम को देखते हुए प्रशासन ने टिब्बी कस्बे सहित आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अगले आदेश तक स्कूलों और कई दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।

ये भी पढ़े : नडेला बोले- भारत का एआई मॉडल कॉपी नहीं हो सकता : गौतम अडाणी से मिले; माइक्रोसॉफ्ट भारत में ₹1.6 लाख करोड़ निवेश करेगी

Leave a Reply