एजेंसी, मुंबई। विमानन सुरक्षा नियामक डीजीसीए ने इंडिगो के परिचालन में आ रहे बड़े व्यवधानों को गंभीरता से लेते हुए चार उड़ान परिचालन निरीक्षकों (एफओआई) को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार इंडिगो ने शुक्रवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे से 50 से अधिक उड़ानें रद्द की, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उड़ान परिचालन निरीक्षक, नागर विमानन महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी होते हैं, जो सुरक्षा और नियामक निरीक्षण की जिम्मेदारी संभालते हैं। ये अधिकारी अक्सर विमानन कंपनियों के परिचालन की निगरानी के लिए हवाई अड्डों और मुख्यालयों पर तैनात किए जाते हैं। एक सूत्र के अनुसार, इंडिगो की उड़ानों में हाल के दिनों में आए बड़े स्तर के व्यवधानों के बाद डीजीसीए ने इन चार एफओआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे से इंडिगो की कुल 54 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 31 आगमन और 23 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं। इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली और बेंगलुरु से कंपनी ने 200 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इंडिगो के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीटर एल्बर्स और मुख्य परिचालन अधिकारी इसिड्रे पोरक्वेरास को डीजीसीए की जांच समिति के सामने दोबारा पेश होने के लिए शुक्रवार दोपहर दो बजे बुलाया गया है। डीजीसीए ने हालात को देखते हुए जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है। नियामक एजेंसी ने कंपनी के मुख्यालय में अपने अधिकारियों को तैनात कर परिचालन पर नजर रखना शुरू कर दिया है और गुरुवार को समिति ने सीईओ एल्बर्स से विस्तृत पूछताछ भी की।
ये भी पढ़ें : दिल्ली दंगे केस में उमर खालिद को राहत, अदालत ने शर्तों के साथ दी अंतरिम जमानत


