मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव का ममता सरकार पर प्रहार : कहा- बंगाल में युवा हो रहा कंगाल और बांग्लादेशी बन रहे मालामाल, अब दीदी को बाय-बाय कहने का समय

देश/प्रदेश पश्चिम बंगाल प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, बांकुरा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में चुनावी शंखनाद करते हुए ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी प्रत्याशियों के नामांकन के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की महान धरती, जो सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों की पहचान है, आज ममता दीदी के शासन में त्रस्त है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब वह ‘दीदी’ नहीं रहीं बल्कि ‘अप्पी’ बन गई हैं और यह बात पूरे देश में गूंज रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आरोप लगाया कि ममता सरकार बंगाल के नागरिकों के अधिकार बांग्लादेशी घुसपैठियों को सौंप रही है। उन्होंने इस चुनाव को ‘धर्म युद्ध’ करार देते हुए कहा कि बंगाल का युवा आज बेरोजगार होकर दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर है, जिससे बंगाल का युवा कंगाल और बांग्लादेशी मालामाल हो रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बंगाल में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है और जनता अब अपनी आन-बान-शान के लिए बदलाव के पक्ष में खड़ी हो गई है।

ये भी पढ़े : सोशल मीडिया पर समाचार साझा करने वालों पर नकेल कसने की तैयारी, केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव के लिए पेश किया नया प्रस्ताव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है और सेना का हौसला इतना बुलंद है कि वह घर में घुसकर आतंकियों का खात्मा कर रही है। उन्होंने ममता सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि 77 समुदायों की ओबीसी सूची में केवल मुस्लिम जातियों को जगह दी गई और हिंदुओं की अनदेखी की गई। उन्होंने शिक्षक भर्ती घोटाले, आवास घोटाले और मनरेगा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि अब इन सबका हिसाब चुकता करने का समय आ गया है।

डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की चिंता की है, जिसका प्रमाण अनुसूचित जनजाति की महिला का राष्ट्रपति पद पर आसीन होना है। उन्होंने स्टैंडअप योजना और पक्के मकानों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकास का यह मंत्र केवल भाजपा के पास है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि 21 से ज्यादा राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगियों की सरकारें हैं और अब बंगाल में भी कमल खिलना तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जब तक एक-एक वोट भाजपा के पक्ष में न पड़ जाए, तब तक चैन से न बैठें।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply