मोजतबा खामेनेई

ईरानी सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के घायल होने का डोनाल्ड ट्रंप ने किया दावा, युद्ध के बीच बढ़ी हलचल

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका ईरान देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई जीवित तो हैं, लेकिन अमेरिका और इजरायल के साथ जारी भीषण युद्ध के शुरुआती दौर में वे शायद घायल हो गए थे। एक प्रमुख समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने संकेत दिया कि मोजतबा किसी न किसी रूप में मौजूद जरूर हैं, मगर उनकी शारीरिक स्थिति ठीक नहीं है और वे जख्मी हो सकते हैं।

गौरतलब है कि पिछले रविवार को अपने पिता अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा को नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया था। अली खामेनेई की जान युद्ध की शुरुआत में हुए हमलों में चली गई थी। मोजतबा की स्थिति को लेकर संदेह इसलिए भी गहरा रहा है क्योंकि उन्होंने अब तक सार्वजनिक रूप से कोई वीडियो संदेश जारी नहीं किया है और न ही वे कहीं नजर आए हैं। हाल ही में उनका पहला आधिकारिक बयान भी एक टीवी एंकर के जरिए पढ़कर सुनाया गया था।

ये भी पढ़े : राहुल गांधी को बड़ी राहत : सावरकर पर टिप्पणी से जुड़ा मानहानि का मामला अदालत ने किया बंद

अपने इस संदेश में मोजतबा ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कसम खाई है और उन पड़ोसी मुल्कों को चेतावनी दी है जहाँ अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। बता दें कि 28 फरवरी से शुरू हुए इस भीषण संघर्ष में अमेरिका और इजरायल ने ईरान के सैन्य और परमाणु अड्डों को निशाना बनाया है, जिसके जवाब में ईरान ने भी मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए हैं। दो हफ्तों से चल रहे इस युद्ध में भारी जनहानि हुई है और वैश्विक तेल बाजार में भी बड़ी गिरावट देखी जा रही है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply