राहुल गांधी

लखनऊ में राहुल गांधी का बड़ा हमला : बोले- मोदी मनोवैज्ञानिक रूप से खत्म, अमेरिका के सामने किया सरेंडर

उत्तर प्रदेश देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, लखनऊ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया। कांशीराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस सभा में राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अब मनोवैज्ञानिक रूप से हार चुके हैं और वे भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नहीं बल्कि अमेरिका के हितों के लिए काम कर रहे हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ समझौता कर लिया है और अब अमेरिका यह तय कर रहा है कि भारत तेल कहां से खरीदेगा।

राहुल गांधी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि मोदी सरकार अमेरिका से 9 लाख करोड़ रुपये का सामान खरीदने की तैयारी में है, जिससे भारतीय व्यापारियों और किसानों का भविष्य अंधकार में डूब जाएगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के किसान अब यहां सोया, कपास और बादाम बेचेंगे, जिससे स्थानीय बाजार पूरी तरह खत्म हो जाएगा। राहुल ने संविधान के मुद्दे पर भी घेरा और कहा कि मोदी सरकार दलित महापुरुषों की आवाज वाले इस संविधान की विचारधारा में विश्वास नहीं रखती है।

ये भी पढ़े : पश्चिम एशिया में तनाव : अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध के बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का पहला बयान, कहा- खाड़ी में हमले रहेंगे जारी

संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल उनके नाम के नारे लगाने से कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में ऐसे 100 समर्पित लोगों की मांग की जो लक्ष्य के लिए जान देने को भी तैयार हों। कांग्रेस ने इस मौके पर कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग का प्रस्ताव भी पारित किया, जिसे राहुल गांधी के माध्यम से संसद में उठाया जाएगा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित वोट बैंक को साधने की दिशा में कांग्रेस का यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की कमजोर होती स्थिति को देखते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों ही दलित समाज के बीच अपनी जगह बनाने की कोशिश में जुटी हैं। हालांकि, भाजपा की जमीनी पकड़ और बसपा के कैडर वोट को अपनी ओर खींचना कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply