राज्यसभा

बिहार राज्यसभा चुनाव : एनडीए का क्लीन स्वीप, नीतीश कुमार और नितिन नवीन समेत पांचों उम्मीदवारों की बड़ी जीत

देश/प्रदेश बिहार राष्ट्रीय

एजेंसी, पटना। पश्चिम बंगाल चुनाव के शोर के बीच बिहार में एनडीए ने राज्यसभा चुनाव में विपक्ष का सूपड़ा साफ करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) के सभी पांच उम्मीदवारों ने बिहार की पांचों राज्यसभा सीटों पर कब्जा जमा लिया है। 16 मार्च को हुए मतदान में एनडीए ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कब्जे वाली दो सीटों को भी अपने पाले में कर लिया। इस जीत के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के शिवेश राम अब राज्यसभा जाएंगे।

बिहार में करीब 12 साल बाद राज्यसभा के लिए वोटिंग की स्थिति बनी, क्योंकि पांच सीटों के लिए एनडीए के पांच और राजद से एडी सिंह को मिलाकर कुल छह उम्मीदवार मैदान में थे। एनडीए के चार उम्मीदवारों की जीत पहले से तय मानी जा रही थी, लेकिन पांचवीं सीट पर भाजपा के शिवेश राम और राजद के अमरेंद्रधारी सिंह (एडी सिंह) के बीच कांटे की टक्कर थी। अंततः एनडीए की रणनीति और विपक्षी खेमे में हुई सेंधमारी के कारण शिवेश राम ने बाजी मार ली। शिवेश राम को 38 वोट मिले, जबकि एडी सिंह को 37 वोटों से संतोष करना पड़ा।

ये भी पढ़े : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये

महागठबंधन की इस हार के पीछे अपने ही विधायकों की नाराजगी और ‘खेला’ मुख्य वजह रहा। राजद और कांग्रेस के चार विधायकों ने वोटिंग से दूरी बनाकर अपनी ही पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कांग्रेस के मनोज विश्वास, मनोहर प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद और राजद के फैसल रहमान सोमवार को मतदान के दिन गायब रहे, जिसका सीधा फायदा एनडीए उम्मीदवार को मिला।

चुनाव से ठीक पहले एआईएमआईएम ने रविवार को इफ्तार पार्टी के दौरान तेजस्वी यादव को समर्थन देने का ऐलान कर पासा पलटने की कोशिश की थी। ओवैसी की पार्टी के पांच विधायकों और बसपा के एक विधायक ने महागठबंधन का साथ दिया, लेकिन राजद और कांग्रेस के अपने ही विधायकों के विद्रोह ने विपक्षी गठबंधन की रणनीति को पूरी तरह विफल कर दिया। एनडीए के सभी 202 विधायकों ने एकजुट होकर मतदान किया और क्लीन स्वीप सुनिश्चित किया।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply