1.25 करोड़ बहनों के खातों में अंतरित किए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये

ग्वालियर प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में अंतरित किए 1836 करोड़ रुपये

लाड़ली बहना योजना ने बहनों को बनाया स्वावलंबी
मुख्यमंत्री ने आरोन-पटई उद्वहन सिंचाई परियोजना को दी मंजूरी
भितरवार पीएचसी बनेगा सिविल अस्पताल
घाटीगांव उप स्वास्थ्य केंद्र का भी होगा उन्नयन
भितरवार और घाटीगांव में खुलेंगे आईटीआई केंद्र
घाटीगांव में शबरी माता और भगवान देवनारायण धाम बनेगा
घाटीगांव, चिनोर और करैया में बनेंगे सांदीपनि विद्यालय
ग्वालियर जिले को दी 122 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों की सौगात

एजेंसी, ग्वालियर, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश की बहनें आत्मनिर्भरता एवं स्वावलम्बन के मामले में पूरे देश के लिए उदाहरण बन रही हैं। प्रदेश के 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से जुड़कर करीब 65 लाख बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। आज प्रदेश में 12 लाख से अधिक लखपति दीदियां कार्यरत हैं। हम महिला उद्यमियों को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमारी बहनें अब फैक्ट्रियों और उद्योगों का नेतृत्व कर रही हैं। प्रदेश के 47 प्रतिशत नए स्टार्ट-अप का नेतृत्व अब हमारी बहनों के हाथों में है। हम सभी बहनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए मिशन मोड में कार्य करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए यहां की बहनों को लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना के रूप में डबल खुशियां मिल रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के शबरी माता मंदिर परिसर, घाटीगांव में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना में बहनों को योजना की 34वीं किश्त प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 27 हजार से अधिक बहनों के खाते में 1 हजार 836 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इनमें ग्वालियर जिले की 3 लाख 16 हजार से अधिक लाड़ली बहनें भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब प्रदेश की हर लाड़ली बहनों के खाते में हर महीने 1500 रुपये भेजे जा रहे हैं। लाड़ली बहन योजना में अब तक 52 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों को दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी लाड़ली बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे हर महीने मिलने वाली इस राशि से अपनी बेहतरी के लिए कोई भी रुचिकर काम-धंधा शुरु करें और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में योगदान दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर जिले को 121 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत वाले 54 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सिंगल क्लिक से लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत के 35 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

इसमें 39 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से कुलैथ घाटीगांव में शासकीय सांदीपनि विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर मध्यप्रदेश का गौरव है। ये धरती शक्ति के आशीर्वाद से सिंचित है और शक्ति की उपासना से ही हमारा संसार सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र मध्यप्रदेश के साथ देश की इकॉनामी डेवलपमेंट में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। कभी बीहड़ों के लिए मशहूर रहा यह क्षेत्र हमारी सरकार के प्रयासों से आज औद्योगिक गतिविधियों का नया केन्द्र और प्रगति का नया उदाहरण बन रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपस्थित मातृ शक्ति पर पुष्प-वर्षा कर उन्हें आदरपूर्वक नमन किया। स्थानीय प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का ग़जमाला से सम्मान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र, स्व-सहायता समूह के चेक एवं मुद्रा योजना के चेक भी सौंपे।

प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भितरवार विधानसभा क्षेत्र में आरोन-पटई उद्वहन सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि 120 करोड़ रुपए की यह परियोजना क्षेत्र के किसानों का जीवन खुशहाल कर देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर घाटीगांव सहित चिनौर और करैया में भी सांदीपनि विद्यालय खोले जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भितरवार पीएचसी का उन्नयन कर सिविल अस्पताल बनाया जायेगा। घाटीगांव के उप स्वास्थ्य केंद्र का भी उन्नयन कराएंगे। भितरवार और घाटीगांव में युवाओं के कौशल विकास के लिए आईटीआई केंद्र की स्थापना करेंगे। घाटीगांव में शबरी माता के भव्य मंदिर और शबरी धाम निर्माण के लिए भूमि का सर्वे कराया जाएगा। भगवान देवनारायण का भी धाम बनाया जायेगा। संस्कृति विभाग के माध्यम से देवनारायण मंदिर में हर साल सांस्कृतिक आयोजन कराये जायेंगे। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भितरवार को माता शबरी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है। प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

लाडली बहनों को आज योजना की 34वीं किश्त की राशि सीधे बैंक खाते में मिल रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विकसित भारत @2047 का संकल्प लिया है। भारत अब आजादी के अमृतलाल से आगे शताब्दी काल की ओर बढ़ रहा है। बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के बगैर विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त नहीं हो सकता है। मध्यप्रदेश में लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में गरीब एवं जरूरतमंद परिवार की बेटियों का निशुल्क विवाह कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की 10 करोड़ बहनों के घरों में रसोई गैस सिलेंडर पहुंचाया हैं। भितरवार की जनता को शिक्षा, सड़क एवं रेल लाइन की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज लाड़ली बहना योजना की राशि और 122 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण की सौगातें भी लेकर आए हैं। जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी तुलसीराम सिलावट ने कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है। आज लाडली बहनों के खाते में 1500-1500 रुपए अंतरित किये गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर अंचल के विकास में कोई कसर नहीं रखी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के अन्नदाता को समृद्ध बनाने के लिए संकल्प लिया है। प्रदेश में बीते 2 साल में ही लगभग 7.5 लाख हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ा है। प्रदेश में वर्ष 2029 तक 100 लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) योजना का काम तेजी से चल रहा है। भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के 2 वर्षों के नेतृत्व में प्रदेश का सुनियोजित विकास संभव हो पाया है। भितरवार विधानसभा क्षेत्र में करीब 759 करोड़ रुपए के कार्य हुए हैं। भितरवार की जनता को समर्पित हर एक काम का हिसाब दिया जा रहा है। क्षेत्र में सिंचाई योजना के विस्तार एवं हिम्मतगढ़ तालाब के जीर्णोद्धार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जून 2023 से प्रारंभ हुई लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक, आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान की नई इबारत गढ़ रही है। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी, जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती दुर्गेश कुंवर जाटव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, किसान भाई एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

ये भी पढ़े : भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक यादवेन्द्र सिंह का निधन : सतना के नागौद में शोक की लहर, कल होगा अंतिम संस्कार

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply