एजेंसी, काठमांडू। नेपाल के गंडकी प्रांत स्थित गोरखा जिले में शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां भारतीय श्रद्धालुओं से भरी एक माइक्रोबस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 7 भारतीय नागरिकों की जान चली गई है, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी यात्री प्रसिद्ध मनकामना मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं को ले जा रही यह बस मनकामना मंदिर से तनहुन जिले के अंबुखैरेनी क्षेत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट नीचे खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया जो देर रात तक जारी रहा। घायलों को तत्काल उपचार के लिए भरतपुर के चितवन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें : ग्रीन कार्ड के लिए फर्जी डकैती की साजिश : अमेरिका में 11 भारतीयों पर वीजा धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
गोरखा जिला ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जान गंवाने वालों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान मुथु कुमार, अनामालिक, मीनाक्षी, शिवगामी, विजयल, मीना और तमिलरसी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस इलेक्ट्रिक बस का चालक सुरक्षित है, जबकि उसका सहायक चोटिल हुआ है। पुलिस अब दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में संकरे रास्तों और रखरखाव की कमी के कारण अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। विश्व बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाला आर्थिक नुकसान देश के कुल राष्ट्रीय उत्पाद का लगभग 1.5 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे पहले फरवरी माह में भी धादिंग जिले में एक बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 19 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।


