मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

शुजालपुर में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन : 162 जोड़ों के फेरे और 38 निकाह संपन्न, मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिया आशीर्वाद

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश शाजापुर

एजेंसी, शुजालपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारी संस्कृति की जड़ों में सामाजिक समरसता और सद्भाव रचा-बसा है। शुजालपुर में अयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन इस आपसी भाईचारे को मजबूत करने का एक बेहद प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि बेटियों के विवाह से बढ़कर पुण्य का कोई दूसरा कार्य नहीं हो सकता।

पहले बेटियों के जन्म के साथ ही माता-पिता को उनके विवाह के खर्च की चिंता होने लगती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह और निकाह योजना के जरिए मध्य प्रदेश सरकार बेटियों के हाथ पीले कर रही है। इस योजना ने जरूरतमंद और गरीब परिवारों की बेटियों का घर बसाने में बड़ी भूमिका निभाई है। हमारी सरकार जन्म से लेकर शिक्षा, रोजगार और विवाह तक हर मोड़ पर महिलाओं और बेटियों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सादगी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि शादी-ब्याह में होने वाले दिखावे और अनावश्यक खर्चों से बचना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अपने बच्चों का विवाह सामूहिक सम्मेलनों में करें और बचा हुआ पैसा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सुरक्षित रखें। मुख्यमंत्री ने साझा किया कि उन्होंने स्वयं अपने पुत्र का विवाह भी सामूहिक सम्मेलन के माध्यम से ही किया है।

ये भी पढ़े : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कांग्रेस पर तीखा प्रहार : बोले- असम से लगातार बोला गया झूठ, किसानों को रखा गया पराया

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से शाजापुर जिले के शुजालपुर में आयोजित सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान और उनके स्वावलंबन के लिए पूरी तरह समर्पित है। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया। इस भव्य आयोजन में कुल 200 बेटियों का घर बसा, जिसमें 162 बेटियों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से और 38 बेटियों का निकाह संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से प्रत्येक जोड़े को नए जीवन की शुरुआत के लिए 49-49 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल भविष्य में और भी व्यापक रूप लेगी और गरीब परिवारों के लिए सबसे बड़ी मददगार साबित होगी।

राज्य के उच्च शिक्षा, आयुष और तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कार्यक्रम में कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए नीतियां बनाई हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह और निकाह योजना सामाजिक सुरक्षा का एक बड़ा उदाहरण बन चुकी है। उन्होंने बढ़ते फिजूलखर्च पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन समाज के हित में हैं और सभी को इसकी ओर कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने नवविवाहितों के सुखी और संस्कारवान जीवन की कामना की। इस सम्मेलन में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, जनपद पंचायत शुजालपुर की अध्यक्षा सीताबाई रामचन्दर पाटोदिया, उपाध्यक्ष मंजूबाई गोविन्दसिंह मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार सहित कई गणमान्य नागरिक और वर-वधू के परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply