एजेंसी, नई दिल्ली। मंगलवार का दिन एयर इंडिया और उसके यात्रियों के लिए मुश्किल भरा रहा। तकनीकी खराबी और विमान की अनुपलब्धता के कारण एयर इंडिया को एक ही दिन में अपनी 7 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इन रद्द उड़ानों में से 6 वही बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान थे, जो हाल ही में अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुई फ्लाइट के जैसे ही मॉडल के थे। जो फ्लाइट सबसे ज़्यादा चर्चा में रही, वो थी एआई 159 – जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना होने वाली थी। ये वही मार्ग था जिस पर पिछले हफ्ते एक घातक विमान हादसा हुआ था जिसमें 270 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई थी। एआई 159 दरअसल उसी रद्द की गई फ्लाइट एआई 171 की रीनेम की गई उड़ान थी। फ्लाइट को मंगलवार दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन विमान में तकनीकी समस्या के कारण इसे रद्द करना पड़ा।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली उड़ान भी फेल
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से पेरिस के चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट को भी उड़ान-पूर्व अनिवार्य जांच के दौरान तकनीकी दिक्कत सामने आने पर रोक दिया गया। यात्रियों को अंतिम समय में इस रद्दीकरण की जानकारी दी गई, जिससे उन्हें खासी परेशानी हुई।
कोलकाता में फंसी एआई 180 – इंजन फेल
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही फ्लाइट एआई 180 कोलकाता में निर्धारित स्टॉपओवर पर उतरी थी। लेकिन जैसे ही उसे मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी, विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। यात्रियों को देर रात 12:45 बजे विमान से उतार दिया गया और सुबह 5:20 बजे तक उन्हें टर्मिनल में ही इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों के लिए विकल्प और माफी
एयर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, “हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हैं। हम उन्हें उनके गंतव्य तक जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट्स की व्यवस्था कर रहे हैं। होटल ठहराव की सुविधा दी जा रही है और रिफंड या मुफ्त रीबुकिंग का विकल्प भी प्रदान किया जा रहा है।” बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर को लेकर लगातार तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस विमान मॉडल में हाल के महीनों में बार-बार ऐसे फॉल्ट देखे जा चुके हैं, जिससे एयरलाइंस और यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। हाल की दुर्घटनाओं और रद्द उड़ानों के बाद एयर इंडिया ने अपने विमानों की प्री-फ्लाइट चेकिंग प्रक्रिया को और सख्त कर दिया है। नागर विमानन महानिदेशालय भी इन घटनाओं की बारीकी से जांच कर रहा है।
यात्री बोले– “हम डर के साथ सफर नहीं कर सकते”
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यात्रियों ने एयर इंडिया की आलोचना की है। कई यात्रियों ने लिखा कि जब तक विमान पूरी तरह सुरक्षित न हो, तब तक उड़ानें चालू ही नहीं की जानी चाहिए। कुछ यात्रियों ने एयर इंडिया से सुरक्षा गारंटी की मांग भी की है।
फिर आई एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे यात्रियों को कोलकाता में उतारा
एजेंसी, कोलकाता। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे एअर इंडिया के विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता हवाई अड्डे पर निर्धारित ठहराव के दौरान विमान से उतारा गया। अधिकारियों के अनुसार, उड़ान संख्या एआई180 हवाई अड्डे पर सोमवार रात पौने एक बजे पहुंची लेकिन उसके बाएं इंजन में तक नीकी खराबी आने के कारण आगे की उड़ान में देरी हुई। एअर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ जब अंततः यह महसूस किया गया कि तकनीकी खराबी को तत्काल ठीक नहीं किया जा सकता तो संबंधित अधिकारियों से विशेष अनुमति ली गई और फिर विमान में सवार सभी यात्रियों को उतार दिया गया।’’ सभी यात्रियों को मंगलवार सुबह लगभग 05:20 बजे विमान से उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि यह निर्णय उड़ान सुरक्षा के हित में लिया गया है। एअर इंडिया के अधिकारी ने बताया कि सभी 212 यात्रियों को नाश्ता दिया गया और उनकी पसंद के अनुसार कुछ को होटलों में स्थानांतरित कर दिया गया जबकि अन्य को मुंबई जाने वाली वैकल्पिक उड़ानों में स्थान दिया गया।
इधर, कोच्चि से दिल्ली आ रही इंडिगो विमान में बम की धमकी, नागपुर एयरपोर्ट पर कराई गई आपात लैंडिंग
कोच्चि। मस्कट से मंगलवार को यहां पहुंचे और दिल्ली के लिए रवाना हुए इंडिगो के एक विमान में बम रखे होने की धमकी मिली, जिसके बाद निरीक्षण के लिए विमान को नागपुर हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया।कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (सीआईएएल) ने यह जानकारी दी। सीआईएएल ने कहा कि इंडिगो की उड़ान के बारे में आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी मिली थी। यह उड़ान 157 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों के साथ सुबह नौ बज कर 31 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सीआईएएल ने कहा कि इसके बाद, एक बम खतरा आकलन समिति बुलाई गई और धमकी को ‘‘विशिष्ट’’ घोषित किया गया। सीआईएएल के अनुसार, ‘‘सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद विमान को नागपुर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया और वर्तमान में उसका निरीक्षण किया जा रहा है।’’ इसने कहा कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद, विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।


