हो गया साफ, आतंकी डॉक्टर उमर ही आई-20 कार में था मौजूद, डीएनए टेस्ट से हुई पुष्टि

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, दिल्ली। लाल किला विस्फोट स्थल से एकत्र किए गए नमूनों के डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई है कि डॉ. उमर नबी उस कार को चला रहा था जिसमें इस सप्ताह की शुरुआत में विस्फोट हुआ था। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि उमर की मां के डीएनए नमूने मंगलवार को एकत्र किए गए और जांच के लिए यहां भेजे गए। उन्होंने बताया कि विस्फोट स्थल से एकत्र अवशेषों के साथ डीएनए नमूनों का विश्लेषण किया गया। एक सूत्र ने कहा, ‘‘डीएनए के नतीजे इस बात की पुष्टि करते हैं कि वास्तव में उमर ही विस्फोट में इस्तेमाल कार चला रहा था।’’ उमर इस सप्ताह की शुरुआत में पर्दाफाश किए गए एक ‘‘सफेदपोश’’ आतंकी मॉड्यूल का एक प्रमुख सदस्य था। वह जम्मू कश्मीर में पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला था। पुलिस द्वारा प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन चिकित्सकों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार शाम को दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती कार में उच्च तीव्रता वाला विस्फोट हुआ। पुलिस ने जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के बाद लगभग 3,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर जब्त किया।

माँ से डीएनए नमूने एकत्र
डीएनए परीक्षण से पुष्टि हो गयी है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास जिस कार में विस्फोट में हुआ था उसे डॉ. उमर नबी ही चला रहा था क्याेंकि उसके स्टीयरिंग व्हील में मिले पैर के हिस्से और नबी की मां के डीएनए नमूने आपस में मिल रहे हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार नबी की माँ के डीएनए नमूने और नबी के पैर के डीएनए आपस में मैच हो रहे हैं। जांचकर्ताओं को यह सफलता तब मिली जब डॉ. नबी का पैर कार के स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेटर के बीच फंसा हुआ पाया गया। इससे संकेत मिलता है कि विस्फोट के समय वह कार चला रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “कुल 21 जैविक नमूने जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल ) भेजे गए थे। लाल किला विस्फोट में मुख्य संदिग्ध सहित कुल 12 लोगों की मौत हुई थी। शेष नमूने अन्य पीड़ितों के जैविक अवशेषों और आसपास के क्षतिग्रस्त, वाहनों विस्फोट से प्रभावित कारें और एक ई-रिक्शा से एकत्र किए गए थे।” एफएसएल ने डॉ. नबी की पहचान की पुष्टि के लिए उसकी माँ से डीएनए नमूने एकत्र किए। वह 10 नवंबर की शाम को लाल किले के पास हुए विस्फोट में शामिल कार चला रहा था जिसमें 12 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, डॉ. नबी को दिल्ली की ओर जाने से पहले मुंबई एक्सप्रेसवे और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर भी वाहन के साथ देखा गया था। जाँच एजेंसियाँ वाहन की गतिविधियों की विस्तार से जाँच कर रही हैं। इस बीच विस्फोट स्थल से 500 मीटर के दायरे में एक बाज़ार के गेट की छत पर एक कटा हुआ हाथ भी मिला, जिससे जाँच और तेज़ हो गई है।

डॉ. नबी और डॉ. मुजम्मिल की डायरियाँ बरामद
दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि आज सुबह अस्पताल में एक और पीड़ित ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसी से संबंधित एक घटनाक्रम में अधिकारियों ने अल फलाह विश्वविद्यालय स्थित कमरों से डॉ. नबी और डॉ. मुजम्मिल की डायरियाँ बरामद की हैं। डायरियाँ मंगलवार और बुधवार को अल फलाह विश्वविद्यालय परिसर के अंदर से मिलीं। एक डॉ. नबी के कमरा नंबर 4 से और दूसरी डॉ. मुजम्मिल के कमरा नंबर 13 से बरामद की गई।” इसके अलावा, पुलिस ने डॉ. मुजम्मिल द्वारा इस्तेमाल किए गए एक कमरे से एक और डायरी ज़ब्त की। यह वही जगह है जहाँ से पहले 360 किलो विस्फोटक ज़ब्त किया गया था। यह कमरा अल फलाह विश्वविद्यालय से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस सूत्रों ने बताया, “बरामद डायरियों और नोटबुक्स में कोड शब्द हैं, जिनमें 8 नवंबर से 12 नवंबर के बीच की तारीखों का ज़िक्र है। डायरियों में “ऑपरेशन” शब्द कई बार लिखा है।” इस बरामदगी के बाद पुलिस ने जाँच के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती एक और घायल व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान बिलाल के रूप में हुई है, जो गुलाम हसन का बेटा है और दिल्ली से बाहर का रहने वाला था। बिलाल का पोस्टमार्टम आज बाद में होगा।

दिल्ली ब्लास्ट में मृतकों की संख्या बढ़ी: एलएनजेपी में घायल की मौत, तीसरी संदिग्ध कार की तलाश में जुटी जांच एजेंसियां
लाल किले के पास सोमवार को हुए विस्फोट में घायल एक व्यक्ति की यहां एलएनजेपी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी, जिससे इस विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है। एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बिलाल के रूप में की गयी है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अस्पताल से बृहस्पतिवार सुबह बिलाल की मौत के बारे में सूचना मिली। अधिकारियों ने बताया कि आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बिलाल की मौत के साथ ही सोमवार शाम को हुए उच्च तीव्रता वाले विस्फोट में मरने वालों की कुल संख्या 13 हो गई है जबकि कई अन्य घायलों का उपचार जारी है।

संदिग्धों से जुड़ी तीसरी कार की तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
कई सुरक्षा एजेंसियां उस तीसरी कार की तलाश में हैं, जिसके लाल किला विस्फोट मामले से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सोमवार शाम को लाल किले के पास एक सफेद रंग की हुंदै आई20 कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गयी थी और 30 अन्य घायल हो गए थे। जांचकर्ताओं ने बाद में एक दूसरी कार लाल रंग की ‘फोर्ड इकोस्पोर्ट’ का फरीदाबाद में पता लगाया था। बहरहाल, तीसरी कार का अभी तक पता नहीं चला पाया है। ऐसा संदेह है कि यह मारुति ब्रेजा कार है। सूत्र ने कहा, ‘‘संदेह है कि लापता तीसरी कार का इस्तेमाल आरोपियों ने टोह लेने या भागने के लिए किया होगा। कई दल तीसरी कार की तलाश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि मारुति ब्रेजा का पता लगाने के लिए दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के राज्यों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

दिल्ली ब्लास्ट का जम्मू-कश्मीर कनेक्शन: सीआईके की 13 स्थानों पर छापेमारी, छानबीन में जुटी सीआईडी
जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) शाखा गुरुवार को दिल्ली बम विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में घाटी में लगभग 13 स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि सीआईके और आपराधिक जाँच विभाग (सीआईडी) संयुक्त रूप से यह छापेमारी अभियान चला रहे हैं ताकि बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके।

दिल्ली विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर डाली ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट, असम से अब तक 15 गिरफ्तार, हिमंत बिस्वा सरमा ने बताए नाम
दिल्ली में विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट करने के आरोप में असम में नौ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिससे इस संबंध में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 15 हो गई है। असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बुधवार रात से ये गिरफ्तारियां की गईं। सरमा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली में विस्फोट के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के सिलसिले में असम में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।”

Leave a Reply