नितिन नबीन का भाजपा मुख्यालय में जोरदार स्वागत : नड्डा ,शाह समेत कई शीर्ष नेता रहे मौजूद

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। नितिन नबीन ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पार्टी के नये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
नवीन भाजपा के नये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने के एक दिन बाद सोमवार दोपहर पटना से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के कई अन्य नेताओं ने उनकी अगवानी की। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में मंत्री रहे नवीन (45) को रविवार को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। माना जा रहा है कि वह अंततः नड्डा के उत्तराधिकारी के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे नितिन नवीन एक तेज-तर्रार, वैचारिक रूप से दृढ़ और संगठन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता रखने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़े रहे। पांच बार विधायक रह चुके नवीन पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह बिहार सरकार में दो बार मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि बिहार के मंत्री और छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी के रूप में नवीन का कार्यकाल उत्कृष्ट रहा, जिसमें संगठन का प्रभावशाली नेतृत्व करने की उनकी क्षमता उभरकर सामने आई।

भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनें नितिन नबीन, कहा- ‘यह पार्टी का आशीर्वाद, पिता के सपनों को पूरा करूंगा’
बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को कहा कि यह नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद है और उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता एवं भाजपा के पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। नवीन सोमवार सुबह पटना के एक पार्क में अपने पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हमेशा अपने पिता के विचारों पर काम किया है, जो पार्टी को अपनी मां मानते थे और राष्ट्र को सर्वोपरि रखते थे। मेरा मानना है कि इसी कारण पार्टी ने मुझे यह अवसर देकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काम जारी रखने का आशीर्वाद दिया है।’’

इससे पहले भाजपा नेता ने पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। कैबिनेट मंत्री नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास देश के हर कस्बे और गांव तक पहुंचा है। इसके साथ ही भाजपा ने भी अपना विस्तार किया है।’’ नवीन ने कहा कि आज भाजपा सभी वर्गों की पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि आज देश में कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की विकास योजनाओं से अछूता रहा हो। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘अंत्योदय’ की अवधारणा को देश के हर कोने तक पहुंचाया है। नितिन नवीन ने कहा, ‘‘अंत्योदय की परिकल्पना पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी विभूतियों ने की थी, जिसे अटल बिहारी वाजपेयी ने आगे बढ़ाया। अब प्रधानमंत्री मोदी ने इसे देश के हर गांव और शहर तक पहुंचा दिया है।’’ पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘चाहे पश्चिम बंगाल हो, असम हो या उत्तर प्रदेश, हमारे पार्टी कार्यकर्ता हमेशा तैयार रहते हैं। यही भारतीय जनता पार्टी की खूबसूरती है। अन्य दल चुनाव के समय सक्रिय होते हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता चौबीसों घंटे काम करते हैं।’’

ये भी पढ़ें : दूरदृष्टि और पत्रकारिता के उच्च मूल्यों के संवाहक स्व. श्री ज्ञान प्रकाश बाली

Leave a Reply