दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी सेंध : बैरियर तोड़कर अंदर घुसी नकाबपोश की कार, स्पीकर दफ्तर के पास गुलदस्ता छोड़ हुआ फरार, पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़ा

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा परिसर में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए एक कार तेजी से अंदर दाखिल हो गई। दोपहर लगभग 2 बजे उत्तर प्रदेश के नंबर वाली एक कार वीआईपी प्रवेश द्वार (गेट नंबर-2) पर लगी बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए कैंपस के भीतर घुस गई। चश्मदीदों के मुताबिक, कार चलाने वाले शख्स ने अपना चेहरा नकाब से ढका हुआ था।

स्पीकर के दफ्तर तक पहुंचा नकाबपोश

विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि नकाबपोश ड्राइवर कार को सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर ले गया। वहां पोर्च के पास एक गुलदस्ता रखकर वह तुरंत कार समेत मौके से भाग निकला। इस घटना के बाद पूरे परिसर में डर का माहौल बन गया और आनन-फानन में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, जांच में वहां किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

पुलिस की कार्रवाई और तीन लोग हिरासत में

सरेआम हुई इस सुरक्षा चूक के बाद दिल्ली पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गेट नंबर-2 पर अब सीआरपीएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है। ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में कार चालक समेत तीन संदिग्ध व्यक्तियों को अपनी कस्टडी में लिया है। पकड़े गए लोगों में से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी सरबजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई टाटा सिएरा कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिल रही थीं।

पुरानी घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

दिल्ली में वीआईपी सुरक्षा पर उठ रहे सवालों के बीच पिछले साल की एक घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है। 20 अगस्त 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया था। उस समय एक व्यक्ति ने फरियादी बनकर मुख्यमंत्री के पास पहुंचकर उनके साथ हाथापाई की थी और उन्हें चोट पहुंचाई थी। उस मामले में गुजरात के राजकोट निवासी राजेशभाई खीमजी को गिरफ्तार किया गया था, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी था। ताजा घटना ने एक बार फिर दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

ये भी पढ़े : होर्मुज खोल दो वरना बरसेगा कहर : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान को अंतिम चेतावनी- ‘नहीं माने तो नरक बना देंगे’

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply