एजेंसी, डिब्रूगढ़। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को डिब्रूगढ़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। असम में उमड़ा जनसैलाब और लोगों के जबरदस्त उत्साह को देख प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने डिब्रूगढ़ की धरती पर कई सभाएं की हैं, लेकिन इस बार का जोश और माहौल पूरी तरह से अलग और ऐतिहासिक है।
The energy at the rally in Dibrugarh is unmatched. Assam stands firmly with the BJP-NDA. https://t.co/PssFXuyXrJ
— Narendra Modi (@narendramodi) April 6, 2026
कांग्रेस की चिंता और जनता का अटूट समर्थन
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा में मौजूद लोगों के समर्थन को कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत बताया। उन्होंने कहा कि मतदान से ठीक पहले जनता का यह उत्साह देखकर विपक्षी दल पूरी तरह घबरा गया है। पीएम मोदी के अनुसार, असम की जनता का यह जोश एक साफ संदेश दे रहा है कि राज्य की तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने असम की सांस्कृतिक एकता की तारीफ करते हुए कहा कि यहां अहोम, कोच-राजबंशी, मोरान और मिसिंग जैसे विभिन्न समुदाय ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की मिसाल पेश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भाषा चाहे जो भी हो, लेकिन हर नागरिक का सपना ‘विकसित असम और विकसित भारत’ ही है।
महान विभूतियों की प्रेरणा और आधुनिक विकास
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने असम की महान हस्तियों जैसे भूपेन हजारिका, गोपीनाथ बोरदोलोई और ज्योति प्रसाद अग्रवाल को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के दिखाए रास्ते पर चलते हुए भाजपा-एनडीए सरकार डिब्रूगढ़ को व्यापार और अर्थव्यवस्था का एक बड़ा केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कनेक्टिविटी को सबसे जरूरी बताया और कहा कि अब असम बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसने वाला राज्य नहीं रहा।
कांग्रेस के ‘सौतेले व्यवहार’ पर कड़ा प्रहार
पीएम मोदी ने बुनियादी ढांचे के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि नुमालीगढ़ से डिब्रूगढ़ तक के हाईवे का काम कांग्रेस की लापरवाही का सबसे बड़ा सबूत है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2005 में मंजूर हुई इस परियोजना में 2013 तक कोई खास प्रगति नहीं हुई थी, क्योंकि उस समय की केंद्र सरकार ने असम के साथ सौतेला व्यवहार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में अपर असम और बराक घाटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की अनदेखी की गई और वहां कनेक्टिविटी की कभी चिंता नहीं की गई।
बदलते असम की नई पहचान
भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रधानमंत्री ने बोगिबील ब्रिज, भूपेन हजारिका सेतु और ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रहे नए पुलों का जिक्र किया। उन्होंने हाल ही में मोरान में बने नए हाईवे पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग की घटना को याद करते हुए कहा कि यह बदलते असम की ताकत है। पीएम मोदी ने बताया कि वे खुद वायुसेना के विमान से उस सड़क पर उतरे, जो यह दर्शाता है कि पिछले 10 वर्षों में असम की सड़कों और सुरक्षा ढांचे में कितना बड़ा सुधार आया है।
ये भी पढ़े : इंदौर हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला : प्रशासनिक पदों पर वरिष्ठता ही होगी नियुक्ति का एकमात्र आधार
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


