एजेंसी, चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़-उदयपुर राजमार्ग पर भादसोड़ा थाना क्षेत्र के नपानिया गाँव के निकट चलती कार में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही क्षणों में कार आग का गोला बन गई। इस हादसे में चालक जीवित अवस्था में ही जल गया। घटना के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस व दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास किए। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। थानाप्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि उदयपुर दिशा से कार चित्तौड़गढ़ की ओर आ रही थी। नपानिया गाँव के पास अचानक कार में आग लग गई। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। इसके चलते हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना पुलिस पहुँची और हाइवे पर आवागमन रोक दिया गया। जिला मुख्यालय से दमकल पहुँची। दमकलकर्मियों ने आग पर नियंत्रण तो पा लिया, लेकिन तब तक कार में मौजूद चालक जिंदा जल चुका था। आग इतनी भयंकर थी कि कार पूरी तरह राख में बदल गई। नम्बर के आधार पर पुलिस ने कार स्वामी से संपर्क किया। उसने बताया कि यह कार उसने सिंहपुर निवासी शोभालाल आचार्य को बेच दी है। पुलिस ने शोभालाल से मोबाइल पर संपर्क कर उसे मौके पर बुलाया। शोभालाल ने बताया कि कार उसका भाई अम्बालाल आचार्य लेकर गया था। वह किसी काम से मंगलवाड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था। मृतक की पहचान अम्बालाल के रूप में हुई। उदयपुर से फोरेंसिक टीम तथा चित्तौड़गढ़ से एमओबी टीम भी हादसे स्थल पर पहुँची।


