रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट भाषण से पहले दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में मंगलवार की सुबह भारी सुरक्षा और तनाव का माहौल बन गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किए जाने के निर्धारित समय से ठीक पहले विधानसभा परिसर और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम से उड़ाने की दो गंभीर धमकियां ईमेल के जरिए मिली हैं। ये धमकी भरे संदेश सुबह 7:28 बजे और 7:49 बजे भेजे गए थे।

इन ईमेल में न केवल दिल्ली विधानसभा की इमारत बल्कि पास के विधानसभा मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। संदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित देश के कई बड़े नेताओं के नामों का भी उल्लेख किया गया है। धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, खुफिया विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत कार्रवाई में जुट गईं। विधानसभा के अंदर और बाहरी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। स्पीकर के कार्यालय की भी बारीकी से जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर सदन की कार्यवाही को सुबह 11:30 बजे तक के लिए रोक दिया गया है।

ये भी पढ़े : ट्रंप ने ईरान पर हमले के लिए अपने रक्षामंत्री पीट हेगसेथ को ठहराया दोषी, बोले तुमने ही कहा-“चलो कर देते हैं”

सुरक्षा बल इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से देख रहे हैं। ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है और यह समझने की कोशिश की जा रही है कि इस धमकी के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल पूरे परिसर को सुरक्षित घेरे में ले लिया गया है। इस घटना ने राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं और प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply