ग्वालियर : जन आक्रोश महारैली में प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- मणिपुर हिंसा के 77 दिन बाद मजबूरी में बोले PM मोदी, उसमें भी राजनीति घोल दी

ग्वालियर मध्‍य प्रदेश

ग्वालियर| मध्‍य प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रदेश का सियासी माहौल गरम होता जा रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को जन आक्रोश महारैली के जरिए चुनावी अभियान की शुरुआत की। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर के मेला ग्राउंड में सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार किया। उन्‍होंने कहा कि मणिपुर में 77 दिन से भयावह अत्याचार हो रहा है। हमारे प्रधानमंत्री ने इस पर कोई बयान ही नहीं दिया। कल एक भयावह वीडियो के बाद मजबूरी में एक वाक्य बोला, उसमें भी राजनीति घोल दी। उसमें उन प्रदेशों का नाम लिया जिनमें विपक्ष की सरकार है। प्रियंका गांधी ने बृज भाषा में संबोधन शुरू किया। कहा- सब भैया-बहनन आपको हमारी राम-राम। ग्वालियर-चंबल में आके बड़ी खुशी भई। आपके वीरता और साहस की कहानियां पतों हैं। उन्‍होंने कहा कि विपक्ष की एकता बैठक में शामिल पार्टियों को पीएम मोदी ने चोर कह डाला। इतनी बड़ी पार्टियां और उनके नेता जनता के मुद्दे उठाकर आगे बढ़े उनका अपमान प्रधानमंत्री जी ने किया।

प्रियंका ने अपने संबोधन में महंगाई पर फोकस किया। उन्‍होंने कहा कि कहा कि मैं पीएम, शिवराज और सिंधिया के बारे में 10-10 मिनट बोली सकती हूं। मैं बता सकती हूं कि सिंधिया ने किस तरह राजनीति की दिशा बदल दी। लेकिन मैं ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। उन्‍होंने कहा कि महंगाई है। मैं टमाटर की बात नहीं कर रही हूं। वो तो 100 रुपए का है ही। आपको घर की मरम्मत कराना, बच्चों की फीस देना, छाता खरीदना महंगा हो गया है। ये महंगाई आपके जीवन पर बोझ बन गई है। ये आपके जीवन का मामला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि महंगाई का सबसे बड़ा बोझ महिलाओं पर है। रसोई के लिए सिलेंडर तो मिला लेकिन आज गैस नहीं भरी जा रही है। कोई बीमार हो जाए तो घबराहट होती है, दवाएं कहां से खरीदकर लाऊं, क्योंकि महंगाई इतनी है।

प्रियंका गांधी ने प्रदेश की जनता से वादे
अपने संबोधन में प्रियंका ने मध्‍य प्रदेश की जनता से छह चुनावी वादे किए। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो पुरानी पेंशन को लागू कर देंगे। महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपये दी जाएगी। 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा। प्रदेश की जनता को 100 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। इसके अलावा 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा। किसानों के कर्ज माफ होंगे। दिव्‍यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी।

मध्‍य प्रदेश में ऐसी सरकार बनाइए जो खरीदी न जा सके
जनसभा में प्रदेश की जनता से प्रियंका ने एक अपील की। उन्‍होंने कहा कि एक प्रदेश में कांग्रेस की ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए। उन्‍होंने कांग्रेस शासित राज्‍यों की तारीफ में कहा कि हमारी जहां-जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। जब आप नौकरी के लिए जाते हैं तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में है। छत्‍तीसगढ़ में में 2600 रुपए आपको धान के लिए मिलते हैं। कर्नाटक में महिलाएं बसों में फ्री यात्रा कर रही हैं। मप्र में भी बदलाव की लहर है।

आपको राशन चाहिए या रोजगार, अग्निवीर स्‍कीम ने सपने तोड़े
प्रियंका ने कहा कि आप जानते हैं सेना की भर्ती का क्या किया? जब से अग्निवीर की स्कीम आई तब से ग्वालियर-चंबल की क्या स्थिति है। यहां से नौजवान सीमा पर तैनात होते रहे हैं। हरियाणा में कई युवा ट्रेनिंग से लौटते मिले। बोले कि चार साल के लिए इतनी कड़ी ट्रेनिंग क्यों करें। लौटकर खेती ही करना है। आपकी जागरुकता में कमी है। आप नेताओं से पूछिए कि घोटाले क्यों हो रहे हैं। आपने 22 हजार घोषणाएं की, क्या इसमें से 2000 भी पूरी कीं। आप ये नहीं पूछते आपके लिए इतनी महंगाई और बड़े उद्योगपतियों की कितनी कमाई है। प्रदेश में युवा बेरोजगारी की वजह से आत्महत्या कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि आप ईमानदार सरकार चाहते हो तो इस सरकार को हटाकर ऐसी सरकार बनाओ जो रोजगार दे, अत्याचार खत्म करे। मैंने यूपी में युवाओं से पूछा कि तुम्हें राशन की बोरी चाहिए या रोजगार चाहिए। सभी ने कहा कि रोजगार चाहिए। हम अपने पैरों पर खड़े होकर खुद कमाना चाहते हैं। इस सरकार ने आपको निर्भर बनाने का काम किया है। आपको राशन और फालतू की स्कीम पर निर्भर करेंगे, लेकिन रोजगार नहीं देंगे।

प्रियंका ने शिवराज सरकार के घोटाले गिनाए
प्रियंका ने पटवारी घोटाले पर कहा- मां-बाप रुपए खर्च करके ट्यूशन कराते हैं। आज देखिए पटवारी भर्ती घोटाले में क्या हो गया। शर्म की बात है पिछले तीन साल में मात्र तीन सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्‍होंने कहा कि जिस तरह घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, इतनी लंबी लिस्ट है इसकी। मैं लिस्ट बाद में बताऊंगी। इन्होंने कुछ नहीं छोड़ा। महाकाल में भगवान की मूर्ति तक नहीं छोड़ी। ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है। 18 साल की सरकार है तो अहंकार होता ही है। नेताओं की आदतें भी खराब हो जाती है कि सरकार अपने ही पास है और रहेगी तो काम करने की क्या जरूरत है। प्रियंका ने सभा के आखिरी में भी ब्रज भाषा में बात की। कहा- मामा की भ्रष्ट सरकार बदलवे वाले है न। एक बार हमारे संगे जोर से बोलो- भाजपा जाएवे बारी है, कांग्रेस आएवे बारी है।

Leave a Reply