वैभव सूर्यवंशी

गेल के 100 छक्कों का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर

क्रिकेट खेल देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

गेल के 100 छक्कों का रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर

एजेंसी, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में किसी एक सीजन के भीतर इतने सारे कीर्तिमान शायद ही किसी खिलाड़ी ने ध्वस्त किए होंगे, जितने 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कर दिखाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मैच में वैभव सूर्यवंशी ने महज 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 12 गगनचुंबी छक्के जड़े, जिसकी बदौलत उन्होंने कई पुराने रिकॉर्ड्स को एक ही पल में पीछे छोड़ दिया। अब क्वालीफायर-2 के महामुकाबले में वैभव के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उनके पास इतिहास के पन्नों में एक और बड़ा कीर्तिमान दर्ज करने का सुनहरा अवसर होगा।

क्रिस गेल के छक्कों के महारिकॉर्ड पर वैभव की नजर

आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-2 मैच 29 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाना है। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के पास यूनिवर्स बॉस कहे जाने वाले दिग्गज क्रिस गेल के सबसे तेज 100 छक्के लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ने का बेहतरीन मौका होगा। क्रिस गेल ने आईपीएल के इतिहास में 100 छक्के पूरे करने के लिए 37 पारियां खेली थीं। दूसरी तरफ, वैभव सूर्यवंशी के आंकड़ों को देखा जाए तो उन्होंने अब तक आईपीएल के कुल 22 मैचों की 22 पारियों में बल्लेबाजी की है, जिसमें उन्होंने 42.36 की शानदार औसत से 932 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 89 छक्के निकल चुके हैं। ऐसे में अगर वैभव गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 11 छक्के और जड़ देते हैं, तो वे आईपीएल इतिहास में सबसे कम पारियों में छक्कों का शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

आंद्रे रसेल और शॉन मार्श को भी पीछे छोड़ने की चुनौती

क्रिस गेल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने का कीर्तिमान भी अपने नाम करने का अवसर रहेगा। खतरनाक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के नाम आईपीएल में महज 657 गेंदों में 100 छक्के पूरे करने का शानदार रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं अगर वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो उन्होंने अब तक केवल 402 गेंदों का सामना किया है। इसके अलावा, वैभव यदि इस आगामी मुकाबले में 68 रन और बना लेते हैं, तो वे आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लेंगे। ऐसा करते ही वे संयुक्त रूप से सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। इस लीग में सबसे कम पारियों में 1000 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड शॉन मार्श के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 21 पारियों में यह जादुई आंकड़ा छुआ था।

ये भी पढ़े : भारतीय खेल जगत के एक स्वर्णिम युग का अंत : पांच बार के ओलंपियन और दिग्गज खेल प्रशासक राजा रणधीर सिंह का निधन

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply