कैलिफोर्निया फ्रीवे हादसा: भारतीय मूल का ट्रक ड्राइवर जसनप्रीत सिंह गिरफ्तार, तीन की मौत

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, अमेरिका। अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक भारतीय मूल के 21 वर्षीय जसनप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह यूबा सिटी का निवासी बताया जा रहा है। यह हादसा मंगलवार दोपहर को कैलिफोर्निया की 10 फ्रीवे (10 Freeway) पर ओंटारियो शहर के पास हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जसनप्रीत सिंह नशे की हालत में तेज रफ्तार से ट्रक चला रहा था, और उसने सामने धीमी रफ्तार से चल रही गाड़ियों पर ब्रेक नहीं लगाई, जिससे श्रृंखलाबद्ध टक्कर हो गई। हादसे के बाद कई वाहनों में आग लग गई, जिससे फ्रीवे पर भयंकर आग का गोला फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने बताया कि सिंह को रैंचो कुकामोंगा स्थित वेस्ट वैली डिटेंशन सेंटर में हिरासत में रखा गया है। उस पर ड्रग्स के प्रभाव में वाहन चलाने और वाहन जनित हत्या के आरोप लगाए जा रहे हैं। फॉक्स न्यूज के पत्रकार बिल मेलुगिन ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि जसनप्रीत सिंह भारत से अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वाला प्रवासी है, जिसे 2022 में अमेरिकी सीमा से रिहा किया गया था। इस घटना के बाद अमेरिका में सड़क सुरक्षा, ट्रक ड्राइवरों की भर्ती प्रक्रिया और ड्रग्स उपयोग को लेकर सोशल मीडिया पर तेज बहस छिड़ गई है। कई यूज़र्स ने सवाल उठाए हैं कि ऐसे व्यक्ति को कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस कैसे मिला। पुलिस ने अभी तक हादसे में मारे गए तीनों मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। जांच एजेंसियां सड़क दुर्घटना के तकनीकी कारणों और जसनप्रीत सिंह के ड्रग्स सेवन के स्तर की जांच कर रही हैं।

Leave a Reply