एजेंसी, तिरुवनंतपुरम। केरल विधानसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की नई सूचियां जारी कर दी हैं। भाजपा ने बृहस्पतिवार को 39 प्रत्याशियों की अपनी दूसरी सूची घोषित की, जिसमें अनुभवी नेताओं को प्राथमिकता दी गई है। वहीं, कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाकर एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है।
भाजपा की दूसरी सूची में सबसे प्रमुख नाम मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुम्मनम राजशेखरन का है, जिन्हें अरनमुला सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा, पार्टी ने नट्टिला से सी.सी. मुकंदन, तनूर से दीपक पुझक्कल और कासरगोड से अश्विनी एम.एल. को टिकट दिया है। महिला उम्मीदवारों की बात करें तो मंजरी सीट से पथमाश्री एम. और कोंगड से रेनू सुरेश चुनाव लड़ेंगी। भाजपा इससे पहले अपनी पहली सूची में 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।
ये भी पढ़े : कतर का गैस प्लांट तबाह होने से भारत को बड़ा झटका!, 20प्र. आयात ठप, इंडस्ट्री पर मंडराया खतरा
दूसरी ओर, कांग्रेस ने अपनी 55 उम्मीदवारों की पहली सूची में 8 महिलाओं को जगह देकर राहुल गांधी के उस वादे को निभाने की कोशिश की है, जिसमें उन्होंने राजनीति में महिलाओं और युवाओं को तरजीह देने की बात कही थी। इस सूची में कोल्लम सीट से बिंदु कृष्णा का नाम विशेष चर्चा में है। महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहीं बिंदु कृष्णा कोल्लम जिले की डीसीसी अध्यक्ष बनने वाली दूसरी महिला रही हैं।
बिंदु कृष्णा 2021 के चुनाव में माकपा के उम्मीदवार मुकेश से बेहद मामूली अंतर (2,072 वोट) से हार गई थीं। इस बार वे अपनी जीत को लेकर काफी आश्वस्त नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हार के बावजूद वे पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रही हैं, जिसका लाभ उन्हें इस चुनाव में मिलेगा। कोल्लम सीट पर उनका सीधा मुकाबला सत्ताधारी माकपा के जमीनी नेता एस. जयमोहन से होगा। भाजपा ने फिलहाल इस सीट के लिए अपने पत्ते नहीं खोले हैं।


