कम दूरी वाली वंदे भारत ट्रेनों का 30 फीसदी तक कम हो सकता है किराया, कुछ रूट पर 70 फीसदी सीटें खाली

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

भोपाल| वंदे भारत ट्रेनों के किराए में 25 से 30 फीसदी की कमी हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छोटी दूरी वाली कुछ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सीटें पूरी तरह फुल नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में किराए का रिव्यू किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इंदौर-भोपाल, भोपाल-जबलपुर और नागपुर-बिलासपुर एक्सप्रेस समेत अन्य वंदे भारत ट्रेनों के किराए में कमी होने के आसार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जून महीने में भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 29 फीसदी ही सीटें भरी हुई थीं। भोपाल से जबलपुर तक एसी चेयर का किराया 1,055 रुपये है। एग्जीक्यूटिव चेयर कार टिकट की कीमत 1,880 रुपये है।

हालांकि, वापसी में इसका किराया अलग है। इसमें एक एसी चेयर के लिए 955 रुपये और एक एग्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 1790 रुपये का टिकट है। वहीं, इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस में केवल 21 फीसदी लोग ही वंदे भारत ट्रेन से सफर किए। इंदौर से भोपाल तक एसी चेयर का किराया 810 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार टिकट की कीमत 1,510 रुपये है।

नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की करीब 55 प्रतिशत सीटें ही फुल हो पा रही हैं। नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2,045 रुपए है, जबकि चेयर कार का किराया 1,075 रुपए है। देश भर में अब तक 46 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा चुकी हैं। टॉप ऑक्यूपेंसी वाली वंदे भारत ट्रेनों में कासरगोड से त्रिवेन्द्रम (183 फीसदी), त्रिवेन्द्रम से कासरगोड (176 फीसदी), गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल (134 फीसदी) शामिल हैं।

Leave a Reply