CM शिवराज ने पेशाब कांड पीड़ित आदिवासी के पांव धोए, आरती उतारी और मांगी माफी, बोले- आप मेरे लिए भगवान

मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्‍य प्रदेश के सीधी पेशाब कांड पीड़ित आदिवासी युवक का परिवार गुरुवार को मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए भोपाल आया हुआ है। सीएम हाउस पहुंचते ही सीएम शिवराज ने आदिवासी दशमत का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ भीतर ले गए। पीड़ित दशमत को कुर्सी पर बैठाया। दशमत के पांव धोए। आरती उतारी और तिलक लगाया। दशमत को शॉल ओढ़ाकर मुख्‍यमंत्री शिवराज ने सम्मान किया। इसके बाद सीएम शिवराज ने कहा कि मैं आपसे माफी मांगता हूं। आप जैसे लोग मेरे लिए भगवान जैसे हैं।

दशमत को शिवराज सिंह चौहान ने सुदामा कहा। सीएम ने कहा कि दशमत तुम अब मेरे दोस्त हो। सीएम ने दशमत से कई विषय पर चर्चा की। पूछा कि क्या करते हो? घर चलाने के क्या साधन हैं? कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है? यह भी पूछा कि बेटी को लक्ष्मी और पत्नी को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। सीएम ने कहा कि बेटी को पढ़ाना, बेटियां आगे बढ़ रही हैं। बता दें कि सीधी जिले की पेशाब कांड की घटना के सामने आने के बाद सीएम शिवराज ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्‍होंने कहा था कि आरोपी को ऐसी सजा मिले, जो मिसाल बन जाए। कार्रवाई के बाद ट्वीट किया था कि एनएसए लगाया, बुलडोजर भी चलाया। जरूरत पड़ी तो अपराधियों जमीन में गाड़ देंगे। आरोपी प्रवेश शुक्ला को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। उस पर एनएसए लगाया गया है। अभी वह जेल में है।

आरोपी प्रवेश शुक्ला के दूर के चाचा विद्याकांत शुक्ला ने बताया कि दो साल पहले भी प्रवेश को बदनाम करने के लिए इस तरह का वीडियो एडिट कर वायरल किया गया था। अब 25 जून को यह वीडियो फिर से सामने आया है। प्रवेश डिप्रेशन में था। वह बार-बार कह रहा था कि मैं खुदकुशी कर लूंगा। 28 जून को प्रवेश घर से चला गया था। दशमत पर नशे में पेशाब करने के आरोपी भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला के घर पर बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। रात को कांग्रेस नेता पीड़ित के घर धरने पर बैठ गए। वे आरोपी का घर पूरी तरह से तोड़ने की मांग कर रहे हैं। सीधी से भाजपा विधायक केदार शुक्ला भी पीड़ित के घर पहुंचे थे। आरोपी प्रवेश का घर तोड़ने बुधवार को पहुंची जेसीबी देखकर आरोपी की मां और चाची बेहोश हो गईं। सिहावल एसडीएम आरपी त्रिपाठी ने बताया कि घर का करीब एक तिहाई हिस्सा अवैध है, उसे ढहाया गया है।

Leave a Reply