एजेंसी, प्रयागराज। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज पर रविवार तड़के रीवा एक्सप्रेस में जानलेवा हमला हुआ है। पीड़ित के अनुसार, जब वह गाजियाबाद से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे, तब सिराथू स्टेशन के पास एक अज्ञात हमलावर ने उन पर धावा बोल दिया। आशुतोष महाराज ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे जब वह शौचालय की ओर जा रहे थे, तब पहले से घात लगाए बैठे व्यक्ति ने पीछे से वार किया। हमलावर ने धारदार हथियार से उनकी नाक काटने का प्रयास किया और चेहरे व हाथों पर कई जगह चोटें पहुंचाईं, जिससे काफी खून बह गया।
ये भी पढ़े : ईरान और इजराइल के बीच महायुद्ध का खतरा : डोनाल्ड ट्रंप ने दी खुली चेतावनी आत्मसमर्पण करो या बर्बादी के लिए तैयार रहो
आशुतोष ब्रह्मचारी ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि हमले के बाद उन्होंने भागकर खुद को शौचालय में बंद कर लिया और वहीं से रेलवे पुलिस को सूचना दी। उन्होंने इस पूरी साजिश का सीधा आरोप स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके करीबियों पर मढ़ा है। हालांकि, इस मामले में अभी तक औपचारिक प्राथमिक सूचना रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। दूसरी ओर, इन आरोपों पर अपनी सफाई देते हुए शंकराचार्य ने इसे पूरी तरह बनावटी और ध्यान भटकाने वाला नाटक करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह सब केवल सरकारी सुरक्षा पाने और मीडिया की सुर्खियां बटोरने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने इसे अपनी धार्मिक यात्रा को बाधित करने की एक कोशिश बताया। शंकराचार्य के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आशुतोष ने कहा कि वे अपने खून की एक-एक बूंद का हिसाब लेंगे। उन्होंने दावा किया कि हमलावर उन्हें यह कह रहा था कि वह उनकी नाक काटकर अपने गुरु के चरणों में अर्पित करना चाहता है। आशुतोष ने कहा कि कोई भी व्यक्ति खुद पर इतना भयानक हमला नहीं करवा सकता और वे अब कानूनी रास्ते से इसका जवाब देंगे।


