बुलडोजर कार्रवाई

गुब्बारे के विवाद में हुई हत्या पर चला प्रशासन का हंटर : दिल्ली में आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, भारी तनाव के बीच अतिक्रमण ढहाया

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में नगर निगम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच मुख्य आरोपी निजामुद्दीन के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। यह सख्त कदम जेजे कॉलोनी में तनावपूर्ण माहौल के बीच उठाया गया, जहाँ कुछ दिन पहले ही गुस्साई भीड़ ने आरोपियों के सामान और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।

माफी मांगने के बाद भी नहीं थमा विवाद, जानलेवा हमले में गई युवक की जान
घटनाक्रम की शुरुआत 4 मार्च को हुई, जब तरुण सिंह (26) के घर की एक छोटी बच्ची छत से रंग के गुब्बारे फेंक रही थी। इसी दौरान एक गुब्बारा फटने से पानी की कुछ बूंदें वहां से गुजर रही एक महिला पर जा गिरीं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने तुरंत महिला से माफी मांगी, लेकिन वह विवाद करती रही। कुछ ही देर बाद महिला के पक्ष के करीब 20-25 लोग लाठी, डंडे, क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड लेकर तरुण के घर पर टूट पड़े। आरोपियों ने तरुण को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी छाती पर भारी पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आए तरुण के पिता और अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आईं।

ये भी पढ़े : कर्मचारी और पेंशनर्स को होली पर मोहन सरकार का तोहफा

सीसीटीवी में कैद हुई दरिंदगी, 7 आरोपी गिरफ्तार
इस खौफनाक वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर सरेआम तरुण पर लाठियों और रॉड से वार करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक इस मामले में इमरान उर्फ बंटी, उमरदीन, जुम्मादीन समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST एक्ट) के तहत सख्त धाराएं लगाई गई हैं।

न्याय की गुहार और मुआवजे का भरोसा
तरुण के पिता ने अपने बेटे के लिए न्याय मांगते हुए आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। वहीं, हिंदूवादी संगठनों के विरोध प्रदर्शन और बढ़ते जनाक्रोश के बीच सरकार ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की बात कही है। फिलहाल पूरे इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply