रवि लामिछाने

नेपाल चुनाव में आरएसपी की ऐतिहासिक जीत : पीएम मोदी की बधाई पर रवि लामिछाने ने जताया आभार, भारत-नेपाल रिश्तों में नई मजबूती की उम्मीद

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली नेपाल राष्ट्रीय

एजेंसी, काठमांडू। राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने अपनी पार्टी की शानदार चुनावी सफलता पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दी गई बधाई के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है। लामिछाने ने कहा कि उन्हें ‘विकास केंद्रित कूटनीति’ के जरिए भारत और नेपाल के संबंधों के और अधिक प्रगाढ़ होने की पूरी आशा है। सोमवार शाम तक के रुझानों के मुताबिक, नेपाल के संसदीय चुनावों में आरएसपी प्रत्यक्ष मतदान के तहत 125 सीटें जीतकर और आनुपातिक प्रणाली में 48,29,910 वोट हासिल कर दो-तिहाई बहुमत की ओर मजबूती से बढ़ रही है।

लामिछाने ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाओं और नेपाल की जनता के लोकतांत्रिक जनादेश को सम्मान देने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएसपी और उनकी सरकार आपसी सम्मान और साझा समृद्धि पर आधारित रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। इस दौरान ‘विकास केंद्रित कूटनीति’ को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। आरएसपी नेता ने उम्मीद जताई कि भारत के साथ संपर्क, सांस्कृतिक पर्यटन, ऊर्जा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग के जरिए यह साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी और दोनों देशों के नागरिकों के लिए एक खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करेगी।

ये भी पढ़े : कूनो नेशनल पार्क से आई बड़ी खुशखबरी, मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को दिया जन्म, देश में अब चीतों का आंकड़ा 50 के पार

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लामिछाने और बालेंद्र शाह को उनकी जीत पर बधाई देते हुए दोनों देशों की तरक्की और कल्याण के लिए साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया था। उल्लेखनीय है कि बालेंद्र शाह नेपाल के पहले मधेसी और सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से आने वाले वर्षों में भारत-नेपाल संबंध नए आयाम स्थापित करेंगे। नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा के चुनावी समीकरणों की बात करें तो 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान से और 110 सदस्य आनुपातिक प्रणाली से चुने जाते हैं। अब तक प्रत्यक्ष मतदान की 161 सीटों के परिणाम आ चुके हैं। आनुपातिक मतदान में आरएसपी को मिले भारी जनसमर्थन के बाद राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी को कम से कम 48 अतिरिक्त सीटें मिल सकती हैं। इससे सदन में आरएसपी की कुल सदस्य संख्या 164 के आसपास पहुँच सकती है, जो बहुमत के लिए जरूरी 138 के आंकड़े से कहीं ज्यादा है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply